International Yoga Day: योग के रंग में रंगा गाजियाबाद, निरोगी रहने का लिया गुरुमंत्र
जिले में चौथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आईएमएस यूसी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले योग का महत्व बताया गया। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि योग शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ व चेतनायुक्त बनाता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
योग के रंग में रंगा शहर, निरोगी रहने का लिया गुरुमंत्र
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा शहर योग के रंग में रंग गया। भोर होते ही हर आयु वर्ग के लोग घरों से योगाभ्यास करने निकल पड़े। तकरीबन सभी पार्कों व कुछ अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग पूरी एकाग्रता से योग करते दिखे।
इस दौरान ‘मस्ती के साथ अपनाए योग, पास नहीं आएंगे रोग’ ‘योग कर निरोगी बने, समाज के लिए उपयोगी बने’ आदि स्लोगन सुनाकर योगाचार्य भी लोगों को योगाभ्यास कर निरोगी रहने का गुरुमंत्र देते रहे। कुल मिलाकर सुबह-सुबह जो नजारा दिखा, वह यह कि पूरा शहर योगमय रहा। जिला प्रशासन की ओर से डासना स्थित आईएमएस यूसी कैंपस में केंद्रीय मंत्री, प्रदेश के मंत्री, डीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों समेत हजारों लोगों ने योग किया। कार्यक्रम करीब दो घंटे चला। इस दौरान योगाचार्य विजय महाराज ने विभिन्न आसन बताते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से यूएनओ में योग कोे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल चुकी है। जिले में चौथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। आईएमएस यूसी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले योग का महत्व बताया गया। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि योग शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ व चेतनायुक्त बनाता है। प्रतिदिन योग करने से हम गंभीर बीमारियों से भी बच सकते हैं। प्राणायाम करने और ध्यान लगाने से स्मरण शक्ति बढ़ती है। युवाओं को आगे बढ़ने का एक लक्ष्य मिलता है। प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को जन-जन तक पहुंचाया है। योग अब न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में फैल चुका है। यह हमारी संस्कृति का प्रतीक है, जिसे आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
कॉलेज के ग्राउंड में सभी प्रशासनिक अधिकारी व जन प्रतिनिधियों ने योगासन किया। योगाचार्य विजय महाराज ने ओम ध्वनि का गुंजन, पवन मुक्त आसन, ताड़ आसन, प्राणायाम, कुर्सी आसन, व्रज आसन, शशांक आसन, उतांगपाद आसन, भुजंग आसन करके दिखाया। उन्होंने बताया कि योग करने से न केवल शरीर बल्कि मस्तिष्क का भी विकास होता है। एक स्वस्थ व्यक्ति के शरीर में 3200 छिद्र खुले रहते हैं। योग करने से यह संख्या बढ़कर 7200 हो सकती है। कई आसन नियमित रूप से करने से व्यक्ति की आयु तक बढ़ जाती है।
यहां भी किया गया योग
हापुड़ चुंगी स्थित सीजीओ कांप्लेक्स में मुख्य आयकर आयुक्त रजनीकांत गुप्त ने अन्य अधिकारियों के साथ योग किया। उन्होंने नियमित योग करने के लिए प्रोत्साहित किया। योग प्रशिक्षिका प्रियंका साहनी व योग शिक्षक सुरेश चंद गुप्ता ने योग कराया।
एबीईएस इंजीनियरिंग कालेज में 100 से ज्यादा छात्राें व फैकल्टी मेंबर ने योग किया। इस अवसर पर कृष्ण कुमार अरोड़ा, मनमोहन बोहरा, प्रोफेसर योगेश मित्तल आदि मौजूद रहे।
डीपीएसजी इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों ने योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योगासन करके बताया गया कि कैसे मोटापा, कैंसर, मधुमेह आदि बीमारियों से दूर रह सकते हैं।
पतंजलि योग पीठ ने आयोजित किया मेगा योग शिविर
पतंजलि योग समिति ने जनपद के अनेक पार्क, सभी ब्लॉक, जिला पंचायतों और गांवों आदि में कैंप लगाया। क्लाउड-9 रिसोर्ट में मेगा योग शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्घाटन मुरादनगर के विधायक अजीत पाल त्यागी ने किया। जिला प्रभारी निरंजन आर्य ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग अभ्यास कराया। इस मौके पर सभी को तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मोदीनगर, मुरादनगर, भोजपुर सहित विभिन्न ब्लॉक, जिला पंचायतों आदि में भी बड़े स्तर पर योग शिविर लगाए गए। इस दौरान माया प्रकाश त्यागी, सुधा त्यागी, शशी श्रीवास्तव, अमरदीप, सुशील अग्रवाल, सुरेंद्र पाल त्यागी, भानू प्रकाश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।
संतोष अस्पताल में हुआ अल्फा मेडिटेशन
पुराना बस अड्डा स्थित संतोष अस्पताल में सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक योग शिविर का आयोजन किया गया। योग भारती आश्रम की योग गुरु सरोज सिरोही ने अल्फा मेडिटेशन, प्राणायाम, योगासन की सूक्ष्म क्रियाएं 200 मरीजों व कर्मचारियों को सिखाईं। इस मौके पर सीईओ डॉ. मनोज गोयल, डॉ. तृप्ता भगत, डॉ. परमजीत, डॉ. अल्पना अग्रवाल, डॉ. वीपी गुप्ता, वैभव भटनागर आदि मौजूद रहे।
चिकित्सकों ने निरोग रहने के लिए किया योग
गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों ने राजनगर आईएमए भवन के पास स्थित पार्क में योग शिविर लगाया। आईएमए के 125 चिकित्सकों सहित विभिन्न लोगों ने योग किया। भारतीय योग संस्थान से रेखा, हेमा ने योग की जानकारी दी। इस मौके पर आईएमए अध्यक्ष डॉ. शलभ गुप्ता, डॉ. आलोक शर्मा आदि मौजूद रहे।
रोटरी क्लब ने भी लगाया योग शिविर
रोटरी क्लब ने रोटरी हेल्थ अवेयरनेस मिशन के तहत गांधी नगर स्थित रोटरी भवन में योग शिविर लगाया। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट के 13 क्लब के सदस्यों ने भाग लिया। सिद्धार्थ अग्रवाल, डॉ. धीरज भार्गव, मनीषा भार्गव, पंकज गुप्ता, एसपी सिंह, अजय गर्ग आदि मौजूद रहे।