{"_id":"5f2ff7ea8ebc3e3ca2706316","slug":"400-e-10-ee-i-4-20-l-bl9","type":"story","status":"publish","title_hn":"400 केवीए और 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर फुंकने से साइट-4 में 20 घंटे गुल रही बिजली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
400 केवीए और 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर फुंकने से साइट-4 में 20 घंटे गुल रही बिजली
विज्ञापन
400 केवीए और 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर फुंकने से साइट-4 में 20 घंटे गुल रही बिजली - रविवार को छुट्टी होने की वजह से जल्दी जारी नहीं हो सका ट्रांसफार्मर - कड़कड़ मॉडल, झंडापुर और औद्योगिक क्षेत्र में लोगों को हुई दिक्कत
विज्ञापन
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में शनिवार रात 400 केवीए और 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद पूरे क्षेत्र में करीब 20 घंटे तक बिजली गुल रही। रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से विद्युत निगम ने ट्रांसफार्मर बदलने में 20 घंटे का वक्त लगा दिया। बिजली न होने से लोगों को पानी सप्लाई में भी दिक्कत रही। स्थानीय लोगों को बोतलबंद पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ा। लोगों का कहना है कि विद्युत निगम के अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया।
कड़कड़ मॉडल गांव के समाजसेवी अरुण तोमर ने बताया कि झंडापुर में रतन ढाबे के पास शनिवार रात करीब दस बजे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे घनी आबादी वाले झंडापुर और कड़कड़ मॉडल में बिजली गुल हो गई। इस बीच साहिबाबाद साइट-4 के अम्बिका स्टील बिजली घर में भी 10एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। हालांकि रविवार का दिन होने की वजह से औद्योगिक इकाइयां बंद थीं। जिससे वहां ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उधर, झंडापुर और कड़कड़ मॉडल समेत अन्य इलाकों में देर रात तक बिजली नहीं आई तो लोग परेशान होने लगे। मोमबत्ती जलाकर किसी तरह खाना बना लिया, लेकिन तेज गर्मी में पंखा, कूलर व ऐसी न चलने से लोगों को जागकर रात गुजारनी पड़ी। लोगों का कहना है कि रोजाना सुबह सात से आठ बजे के बीच पानी की आपूर्ति होती है। इस दौरान लोग मोटर चलाकर टंकी में पानी भरते हैं। रविवार सुबह बिजली न होने से लोग पानी नहीं भर सके। पीने के लिए बोतलबंद पानी तो खरीद लिया लेकिन अन्य काम के लिए लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि विद्युत निगम के अधिकारियों को बिजली कटौती की वजह जानने के लिए कॉल किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। जूनियर इंजीनियर दिनेश मौर्या का कहना है कि रविवार का दिन होने की वजह से बिजली विभाग के स्टोर बंद रहते हैं। इमरजेंसी समय के लिए स्टोर कीपर को बुलाकर ट्रांसफार्मर निकलवाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली सप्लाई की तो लोगों ने एक साथ लोड डाल दिया। इससे उसमें भी धुआं निकलने लगा। आनन फानन में सब-स्टेशन से शटडाउन लेकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई चालू की गई। फिलहाल अम्बिका स्टील बिजली घर पर ट्रांसफार्मर बदलने का काम लगभग पूरा हो गया। उसे भी ठीक कर सप्लाई चालू कर दी जाएगी। --------------------------- सुमित कुमार
विज्ञापन
विज्ञापन