किराएदार ने मकान मालिक के इकलौते बेटे का किया अपहरण, पुलिस करती लापरवाही तो चली जाती जान
-चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने नोएडा से सकुशल बरामद किया बच्चा, आरोपी गिरफ्तार
-अपहरण के बाद किराएदार ने दी धमकी, जो करना हो कर ले, नहीं लौटाऊंगा बच्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के सुदामापुरी में सोमवार को किराएदार ननकू निवासी शाहजहांपुर ने मकान मालिक राजकुमार उर्फ राजू के चार वर्षीय इकलौते बेटे प्रिंस का अपहरण कर लिया। परिजनों ने बच्चे को तलाश किया तो किराएदार द्वारा उसे अगवा करने की बात पता चली।
बच्चे के पिता ने आरोपी किराएदार को फोन किया तो उसने बच्चे के जिंदा न लौटने की धमकी दी। इसके बाद परिजन पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दी। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए महज चार घंटे में बच्चे को नोएडा से सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सुदामापुरी निवासी राजकुमार उर्फ राजू नोएडा की एक फैक्टरी में काम करता है। दो बेटियां और परिवार में पत्नी के अलावा इकलौता बेटा प्रिंस (4) है। राजू ने बताया कि सोमवार को वह फैक्टरी गया हुआ था।
सुबह करीब 10 बजे परिवार के लोगों ने उसे सूचना दी कि प्रिंस दो घंटे से गायब है। साथ ही परिजनों ने किराएदार ननकू निवासी मवाना शाहजहांपुर के भी गायब होने के चलते उस पर अगवा करने का शक जाहिर किया।
राजू ने घर पहुंचकर ननकू को फोन मिलाया तो उसने बच्चे को अगवा करने की बात कबूल कर ली। उसने धमकी दी कि बच्चा उसके पास है। वह कुछ भी कर ले लेकिन बच्चा वापस नहीं आएगा। इसके बाद परिजनों ने बच्चे को काफी तलाश किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। शाम करीब चार बजे परिजनों ने विजय नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तुरंत हरकत में आई पुलिस
सीओ प्रथम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि बच्चे के अगवा होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद लेकर आरोपी की लोकेशन तलाशी गई। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन नोएडा के सेक्टर-101 में मिली। जहां पुलिस ने अपना जाल बिछाकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और साथ ही आरोपी को भी धर दबोचा।
भाई के मकान में बंधक बना रखा था बच्चा
सीओ प्रथम अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी किराएदार ननकू का भाई नोएडा सेक्टर-101 में रहता है। ननकू मकान मालिक के इकलौते बेटे को लेकर उसी के मकान पर पहुंचा और वहां उसे बंधक बना लिया। हालांकि, इस दौरान ननकू का भाई वहां पर मौजूद नहीं था और न ही उसे बच्चे के अपहरण की कोई जानकारी थी।
मामूली बात पर खुन्नस खा गया था आरोपी
पुलिस का कहना है कि नोएडा पुलिस ने लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में मकान मालिक के भाई और उसके किराएदार ननकू को गिरफ्तार कर लिया था। सूचना पर मकान मालिक राजू अपने भाई को छुड़ाकर तो ले आया था लेकिन उसने ननकू की पैरवी नहीं की थी। इसी बात पर खुन्नस खाकर उसने मकान मालिक को सबक सिखाने की योजना बना ली। वह सोमवार तड़के नोएडा पुलिस से छूटकर आया और मकान मालिक के इकलौते बेटे को अगवा कर लिया।
देरी हो जाती तो जा सकती थी मासूम की जान
आरोपी ने बंद कर लिया था मोबाइल, दोस्त के जरिये पहुंची पुलिस
सीओ का कहना है कि मकान मालिक से बातचीत करने के बाद ननकू ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद लेते हुए उन लोगों को ट्रेस किया, जिनसे ननकू ने फोन पर बात की थी। इस दौरान पुलिस को ननकू के एक करीबी दोस्त का नंबर मिला, जिसके जरिये पुलिस आरोपी के ठिकाने तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया।