गैंगरेप कर वीडियो बनाने के बाद छात्रा के परिजनों पर बना रहे दबाव
सूरजपुर के एक गांव में बीए की छात्रा से गैंगरेप के मामले में आरोपियों के परिजन पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
इसको लेकर दलित समाज के कई संगठनों ने पीड़िता के घर पर रविवार को पंचायत की। इसमें सभी ने पीड़ित परिवार की सहायता और गवाही के समय मौजूद रहने के लिए एक कमेटी बनाई।
साथ ही निर्णय लिया है कि आरोपियों को सजा दिलाने के बाद ही कमेटी शांत बैठेगी। बीते सप्ताह छात्रा ने सपा कार्यकर्ता लखनावली निवासी फिरे सिंह, उसके ताऊ के बेटे धर्मी और गांव के सतीश पर गैंगरेप करने और उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था।
न्याय दिलाने के लिए बनी कमेटी
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, मगर इसके बाद से पीड़िता और उसके परिवार पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इसको लेकर दलित समाज के कई संगठनों ने पंचायत की। इसमें पंचों ने पीड़ित परिजनों को न्याय दिलाने के लिए एक कमेटी बनाई।
पंचायत में मौजूद लोगों ने सांसद और विधायक के खिलाफ भी निंदा प्रस्ताव पारित किया और कहा कि छात्रा के साथ ऐसी बड़ी घटना हो गई है और उसका हालचाल तक लेने के लिए कोई जनप्रतिनिधि उसके पास नहीं पहुंचा है।