Delhi: होटल बुकिंग के नाम पर 100 से ज्यादा लोगों से ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार; ऐसे बनाते थे शिकार
पुलिस गिरफ्तार आरोपी भरतपुर, राजस्थान निवासी देवो सिंह (22) और उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी मान सिंह उर्फ मंगत (24) की निशानदेही पर मुख्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली, गुरुग्राम समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने देशभर में ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी होटल बुक कराने के नाम पर ठगी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी 100 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुके हैं। आरोपी गरीब लोगों की आईडी पर बैंक खाता खुलवाते थे और फिर उनमें ठगी की रकम मंगवाते थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी भरतपुर, राजस्थान निवासी देवो सिंह (22) और उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी मान सिंह उर्फ मंगत (24) की निशानदेही पर मुख्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली, गुरुग्राम समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंदर सिंह यादव के अनुसार दिलशाद गार्डन, दिल्ली निवासी अंबिका प्रसाद शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अक्तूबर, 2022 में गुजरात स्थित द्वारकाधीश मंदिर जाना चाहते थे। वह ऑनलाइन होटल की तलाश कर रहे थे। उस दौरान उसे इंटरनेट पर कोकिला धीरज धाम द्वारका गुजरात नामक होटल का नंबर मिला। पीडि़त ने कमरे बुक कराने के लिए उस नंबर पर फोन किया तो फोन उठाने वाले ने खुद का नाम निर्मल बताते हुए होटल मैनेजर बताया। आरोपी ने पीडि़त से बुकिंग के नाम पर 1,03102 रुपये ठग लिए। मामला दर्जकर अपराध शाखा की साइबर सेल में तैनात इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा की देखरेख में एसआई राकेश मलिक, एसआई प्रमोद और एएसआई संजय की टीम ने जांच शुरू की।
एसआई राकेश मलिक की टीम ने नानकमत्ता, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड निवासी जगजीत और शिवम से पूछताछ की। इन दोनों के बैंक खातों में ठगी की रकम गई थी। इन्होंने बताया कि बैंक खाते गिधौर, उधम सिंह नगर उत्तराखंड निवासी मान सिंह ने खोले हैं। जांच के बाद एसआई राकेश मलिक की टीम ने मानसिंह को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया। मानसिंह ने बताया कि उसने गरीब लोगों की आईडी पर बैंक खाते खोल औरी फिर एक बैंक खाता जालसाज को 10 हजार रुपये में बेच दिया।
एटीएम से पैसे निकालते थे
हवलदार मोहित मलिक की टीम ने करीब 50 एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इससे पता लगा कि जयपुर में स्थित अलग-अलग एटीएम से दो व्यक्ति पैसे निकाल रहे हैं। जांच में एक मोबाइल नंबर मिला। ये मोबाइल नंबर गांव कयारीका डीग भरतपुर, राजस्थान निवासी देवो सिंह के नाम था। एसआई राकेश मलिक की टीम ने जयपुर में घेराबंदी कर देवो सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
10 दिन में 15 लाख रुपये निकाल चुके हैं
देवों सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त पिम्मो के साथ खुशीराम के संपर्क में आया था। वह खुशीराम के कहने पर विभिन्न एटीएम से ठगी की रकम निकालता था। आरोपी ने बताया कि उसने 10 दिन में विभिन्न एटीएम से 15 लाख रुपये निकाले हैं।