केजरीवाल के शपथग्रहण के बाद बना अपराधी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक शिक्षक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शपथग्रहण समारोह में क्या गया, वह स्नैचर बन गया। यह खुलासा पुलिस गिरफ्त में आए जामिया नगर निवासी आकिल उर्फ समीर (31) ने किया।
वह झपटमारी की वारदात के बाद नगदी व ज्वैलरी निकाल लेता और बैग व उसमें मौजूद दस्तावेज पीड़ित के घर पर पोस्ट से भेज देता। पूछताछ में उसने बताया कि रामलीला मैदान में अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री पद शपथ ग्रहण के दौरान उसका 9 हजार रुपये का मोबाइल चोरी हो गया।
इसके बाद वह झपटमारी की वारदात करने लगा। वह हर रोज वारदात करता था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी वारदात के बाद एक दर्जन से ज्यादा महिलाओं के घर पर उनके बैग भेज चुका है।
नगदी निकाल कर कागज भेज देता था वापस
पुलिस को ऐसी महिलाएं मिली हैं, जिनके घर आकिल ने वारदात के बाद नकदी निकाल बैग व दस्तावेज भेजे हैं। आरोपी का कहना है कि कागजात बनवाना बहुत मुश्किल काम होता है। इसलिए वह कागजात भेज देता था।
अच्छे परिवार से ताल्लुक रखने वाला आकिल प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम और बीएड कर चुका है। उसे बुधवार शाम को अमर कॉलोनी मार्केट में महिला का पर्स छीनकर भागते हुए बाइक सवार युवक व युवती ने पीछा कर पकड़ा।
लोगों ने पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसकी निशानदेही पर 20 मोबाइल, एक एप्पल का आईपैड और महिलाओं के करीब एक दर्जन बैग बरामद किए गए हैं।