भाई ने सहेली की लूटी आबरू, जब हुई गर्भवती तो खुली पोल
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग छात्रा के साथ उसकी सहेली के भाई ने दुष्कर्म कर डाला। वारदात में सहेली ने अपने भाई का साथ दिया था। करीब साढ़े पांच माह की गर्भवती छात्रा का आरोप है कि आरोपी युवक ने कई बार उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया।
परिजन पीड़िता को लेकर एसएसपी से मिले। एसएसपी के आदेश पर जहांगीराबाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर उसकी सहेली और उसके भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया था कि एक स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा है। वह पड़ोसी गांव निवासी अपनी सहेली के साथ स्कूल आती जाती है।
आरोप है कि पिछले साल दो नवंबर वह अपनी सहेली के साथ स्कूल गई थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब दोनों घर जाने लगीं तो सहेली उसे अपने साथ कस्बे के बाजार से कुछ घरेलू सामान खरीदने की बात कहकर ले गई।
ऐसा बनाया शिकार
कस्बे में सहेली ने अपने भाई चेतन को भी बुला लिया और उसकी बाइक पर बैठा दिया। किशोरी का आरोप है कि रास्ते में चेतन ने सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपी ने विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने बताया कि जब उसे गर्भवती होने की जानकारी हुई तो उसने अपने परिजनों को आपबीती बताई।
पुलिस द्वारा मामले में शिकायत के बाद कार्रवाई न करने पर पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में रिपेर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आरोपी भाई-बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।