महिला सिपाही के साथ फरेब: इंस्टाग्राम में हुई दोस्ती, शादी का रखा प्रस्ताव फिर ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों रुपये
रुपये वापस मांगने पर आरोपी सिपाही के अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए कहने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने शिकायत साइबर थाने में की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली के पूर्वी जिले में तैनात दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही से साढ़े 13 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को क्रिकेटर बताकर पीड़िता से इंस्टाग्राम के जरिये दोस्ती की। इसके बाद पीड़िता से मुलाकात कर उसका अश्लील फोटो और वीडियो ले लिया। बाद में पीड़िता से पहले 8.25 लाख और फिर 5.12 लाख रुपये वसूल लिए।
रुपये वापस मांगने पर आरोपी सिपाही के अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए कहने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने शिकायत साइबर थाने में की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने इसी तरह कई लड़कियों को जाल में फंसाकर वसूली की है। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रेखा (बदला हुआ नाम) बुराड़ी में रहती है। वह दिल्ली पुलिस में सिपाही है। इसकी तैनाती पूर्वी जिले में है। पुलिस को दिए बयान में रेखा ने बताया कि पिछले साल इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती विक्की तोमर नामक युवक से हुई थी। उसने खुद को दिल्ली रणजी टीम का खिलाड़ी बताया।
आरोपी ने खुद को बागपत निवासी बताने के अलावा बताया कि जल्द ही आईपीएल टीम में उसका चयन होने वाला है। विक्की का कहना था कि उसकी मां स्कूल में प्रिंसिपल है, जबकि पिता लेफ्टिनेंट के पद से सेवानिवृत्त हैं। चैटिंग के दौरान दोनों की गहरी दोस्ती हो गई। मिलना-जुलना भी शुरू कर दिया। पिछले साल दिसंबर में विक्की ने रेखा को पश्चिम विहार के एक रेस्तरां में बुलाया, वहां अंगूठी देकर शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने रेखा का विश्वास जीतकर वीडियो कॉल व व्हाट्सएप पर उसका अश्लील फोटो व वीडियो ले लिया।
इस साल जनवरी में विक्की ने बताया कि 10 लाख रुपये के चलते उसका आईपीएल टीम में चयन रुका हुआ है। उसने रेखा से 10 लाख उधार मांगे। पीड़िता झांसे में आ गई और सैलरी पर 8.25 लाख रुपये लोन लेकर उसे दे दिया। आरोपी ने कुछ ही दिनों में रुपये वापस करने की बात की। कई महीने बीतने के बाद भी रुपये नहीं दिए।
पीड़िता ने रुपये के लिए दबाव बनाया तो वह अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। उसने वीडियो व फोटो को डिलीट करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने डर की वजह से विक्की को 5.12 लाख रुपये और दे दिए। बाद में भी आरोपी और रुपयों की मांग करने लगा। पीड़िता को आरोपी की हकीकत का पता चल गया। बाद में शिकायत पुलिस से की गई।