क्रिकेट टैलेंट हंट के नाम पर 350 युवाओं से ठगे 60 लाख रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा स्टेडियम में क्रिकेट टैलेंट हंट के नाम पर देश भर के 350 से अधिक युवाओं (18-25 वर्ष तक) से लाखों की ठगी कर ली गई। युवाओं से क्रिकेट टैलेंट हंट में भाग लेने के नाम पर 17-17 हजार रुपये लिए गए थे। रविवार को जब युवा नोएडा स्टेडियम पहुंचे तो क्रिकेट टैलेंट हंट जैसा आयोजन नहीं हो रहा था। इसके बाद युवाओं ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को शांत कराया। सेक्टर-24 पुलिस ने फर्जी क्रिकेट हंट के आयोजक मैगपाई स्पोर्ट्स ग्रुप के निदेशक मनीष कुमार चौधरी, अजय सिंह, संदीप व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिसके बाद स्टेडियम के पास से रोहतक निवासी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली के पटेल नगर स्थित मैगपाई स्पोर्ट्स ग्रुप की तरफ से ऑनलाइन व अन्य माध्यम से यह प्रचार प्रसार किया गया था कि 28 अप्रैल से नोएडा स्टेडियम में क्रिकेट हंट का आयोजन किया जाना है। यहां युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रतियोगिता के बाद चुने गए बेहतर क्रिकेटरों को इंग्लैंड भेजा जाएगा। नोएडा स्टेडियम में क्रिकेट हंट के दौरान खाने-पीने से लेकर रहने की व्यवस्था होगी। इसके लिए प्रति क्रिकेटर 17 हजार रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए। देश भर के करीब 350 युवाओं ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवेदन भेजे थे। रविवार को तय समय पर जब क्रिकेटर नोएडा स्टेडियम पहुंचे तो तो यहां कोई व्यवस्था नहीं थी।
कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को शांत कराया। इसके बाद इस मामले में आयोजकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
अजहर व गौतम गंभीर के नाम का किया इस्तेमाल
आयोजकों ने पूरी प्लानिंग से इस ठगी को अंजाम दिया। ऑनलाइन प्रचार में यह दावा किया गया था कि नोएडा स्टेडियम में युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरउद्दीन व गौतम गंभीर को बुलाया जाएगा। इसके अलावा कुछ और क्रिकेटरों के भी नाम दिए गए थे।
12 राज्यों से आए थे युवा
ठगी के शिकार युवा सबसे अधिक प्रभावित इंग्लैंड भेजने के नाम पर हुए। पहले आयोजकों द्वारा बताया गया था कि इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले युवाओं को उनके प्रतिभा के मुताबिक शॉर्ट लिस्ट किया जाएगा। उन्हें इंग्लैंड भेजा जाएगा। इस कारण देश भर के करीब 350 युवा क्रिकेट हंट से जुड़ गए। नोएडा स्टेडियम में 12 से अधिक राज्यों से युवा पहुंचे थे।
क्रिकेट टैलेंट हंट के नाम पर क्रिकेट खेलने वाले युवाओं से ठगी की गई है। मुकदमा पंजीकृत कर एक आयोजक को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। - वैभव कृष्ण, एसएसपी।