Delhi: स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर चार ट्रेनें अस्थायी रूप से निरस्त, कई ट्रेनों के रूट बदले
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुरक्षा के मद्देनजर कई रेलगाड़ियों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सुरक्षा के मद्देनजर कई रेलगाड़ियों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है। कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। रेलवे के अनुसार मंगलवार को गाजियाबाद-दिल्ली स्पेशल और दिल्ली-गाजियाबाद स्पेशल रद्द किया गया है। इसके अलावा खुर्जा-शकूरबस्ती स्पेशल एक्सप्रेस और बुलंदशहर-तिलक ब्रिज स्पेशल एक्सप्रेस को बरास्ता साहिबाबाद-तिलक ब्रिज परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं, चार रेल गाड़ियां रुक-रुककर चलेंगी। इनमें जम्मू तवी-टाटानगर मूरी एक्सप्रेस, लालगढ़-डिब्रुगढ़ अवध असम एक्सप्रेस, सहारनपुर-दिल्ली स्पेशल को यात्रा सम्पन्न होने तक गाजियाबाद-दिल्ली शाहदरा के बीच व दिल्ली-गाजियाबाद स्पेशल को मार्ग में रोककर चलाया जाएगा।
इसके साथ ही कुछ रेलगाड़ियों का समय पुनर्निर्धारित कर चलाना है। मंगलवार को प्रस्थान करने वाली दिल्ली जं-कोटद्वार सिद्धबली जन शताब्दी सुबह 9 बजे व दिल्ली जं-अलीपुर द्वार सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस सुबह 8.50 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं, सोमवार को प्रस्थान करने वाली आजमगढ़-दिल्ली जं० कैफियत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय के स्थान पर आजमगढ़ से 90 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी। वहीं, देहरादून-दिल्ली मसूरी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय के स्थान पर देहरादून से 70 मिनट की देरी से प्रस्थान करेगी।
आंशिक रूप से रद्द ट्रेनें
मंगलवार को प्रस्थान करने वाली दिल्ली-शामली-सहारनपुर स्पेशल दिल्ली से सुबह 9.10 बजे प्रस्थान करेगी और अपनी यात्रा शामली पर समाप्त करेगी। वापसी में सहारनपुर-दिल्ली स्पेशल अपनी यात्रा शामली से प्रारंभ करेगी। यह ट्रेन शामली-सहारनपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। दिल्ली-अलीगढ़ स्पेशल अपनी यात्रा गाजियाबाद से प्रारंभ करेगी। सहारनपुर-शामली-दिल्ली स्पेशल अपनी यात्रा दिल्ली शाहदरा पर समाप्त करेगी। इसी तरह दिल्ली-शामली-स्पेशल अपनी यात्रा दिल्ली शाहदरा से प्रारंभ करेगी। यह रेलगाड़ी दिल्ली शाहदरा तथा दिल्ली जंक्शन के बीच और अलीगढ़- दिल्ली जंक्शन स्पेशल अपनी यात्रा गाजियाबाद पर समाप्त करेगी।