दिल्ली में लूटकांड का पर्दाफाश: कूरियर कंपनी के मैनेजर समेत चार ने रची थी साजिश, 100 CCTV खंगाले; ऐसे दबोचा
दिल्ली में कूरियर कंपनी के कैशियर, डिलीवरी ब्वॉय और मैनेजर ने लूट की साजिश रची थी। बिंदापुर थाना पुलिस ने कैशियर, डिलीवरी ब्वॉय और मैनेजर समेत चार को दबोचा है। आरोपियों के पास से 4.93 लाख रुपये कैश मिला है।
विस्तार
द्वारका जिला के उत्तम नगर इलाके में कूरियर कंपनी में लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने कंपनी के कैशियर, दो डिलीवरी ब्वॉय व मैनेजर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सचिन कुमार (44), सचिन (22), कौशिल कुमार (29) और दुर्गेश (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने चार को दबोचा
इनमें दो डिलीवरी ब्वॉय हैं जबकि कौशल कुमार मैनेजर व दुर्गेश कैशियर है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 4.93 लाख रुपये बरामद किए हैं। दरअसल कंपनी के कुल कैश से दो लाख रुपये घट रहे थे। उनकी पूर्ति करने के लिए कौशल ने बाकी कर्मचारियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
खिलौना पिस्टल से दिया वारदात को अंजाम
वारदात को अंजाम देने के लिए 1600 रुपये में दो खिलौना पिस्टल का इंतजाम किया गया। पुलिस ने दोनों खिलौना पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल बाइक व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। इनमें से किसी का भी पुरानी रिकॉर्ड नहीं मिला है।
कंपनी में हथियारबंद बदमाशों ने की थी लूट
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि नौ जून आधी रात को बाल उद्यान रोड, उत्तम नगर इलाके में कूरियर कंपनी के दफ्तर में हथियारबंद बदमाशों ने लूट की थी। नकाबपोश और हेलमेल लगाए बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर वहां से करीब सात लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के समय कंपनी का कैशियर दुर्गेश कुमार और कर्मचारी रामेंद्र यादव मौजूद थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए। करीब 100 सीसीटीवी देखने के बाद पुलिस ने उस मकान की पहचान कर ली जहां बदमाश वारदात के बाद घुसे थे। पुलिस ने मकान पर छापेमारी कर सचिन कुमार को दबोच लिया।
उसके घर के बेड से 4.93 लाख की रकम बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि वह कूरियर कंपनी के दूसरे दफ्तर में डिलीवरी ब्वॉय है। उसने सचिन, मैनेजर कौशल और कैशियर दुर्गेश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने एक-एक कर तीनों आरोपियों को अलग-अलग इलाके से दबोच लिया।
पूछताछ में खोले सारे राज
पूछताछ के दौरान कौशल ने बताया कि कूरियर कंपनी के खाते से दो लाख रुपये कम हो रहा था। यह उसकी जिम्मेदारी थी। इसलिए उसने बाकी लोगों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए शिव शक्ति मार्ग से दो खिलौना पिस्टल खरीदी गई। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।