जहरीली गैस से यमाहा कंपनी में आग, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यमाहा ऑटो कंपनी में पेंट शॉप में सफाई करने के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से प्रबंधक और दो श्रमिकों की मौत हो गई जबकि चार बेहोश हो गए।
बेसुध मजदूरों को सेक्टर आठ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी होने पर एसडीएम महावीर प्रसाद और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस और कंपनी प्रबंधन ने हादसे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। बाटा चौक स्थित ऑटो कंपनी यमाहा दिवाली के उपलक्ष्य में 10 नवंबर से बंद थी।
ऐसे हुआ ये हादसा
सोमवार को कंपनी में दोबारा प्रोडक्शन शुरू होना था। इस वजह से रविवार को वर्कशॉप आदि की साफ सफाई करवाई जा रही थी। बेसमेंट में कंपनी की पेंट शॉप है।
इसके स्लज पिट की सफाई करवाने के लिए प्रबंधक सीपी शर्मा दोपहर करीब ढाई बजे श्रमिक सतीश, राजू वर्मा, भगवान सिंह, सुनील, लक्ष्मण और सुदेश को लेकर पहुंचे थे।
पेंट शॅप में पहुंचकर स्लज पिट खोला गया। प्रबंधक और मजदूर सब उसमें से निकली जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इससे पहले कि लोग बाहर निकलते सातों बेहोश होकर गिर पड़े।
गार्ड ने किसी तरह सातों को बाहर निकाला लेकिन..
इस दौरान कंपनी का फायर अलार्म बज उठा। अलार्म बजते ही सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे। अपने आला अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही गार्ड ने किसी तरह सातों को बाहर निकाला।
इन्हें सेक्टर आठ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्रबंधक छत्रपाल शर्मा, श्रमिक सतीश और राजू वर्मा को मृत घोषित कर दिया। बेहोश श्रमिक भगवान सिंह, सुनील, लक्ष्मण और सुदेश को भर्ती कर लिया गया।
डीसीपी बल्लभगढ़ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए गए हैं। मौत के कारणों की जांच कराई जा रही है।