विवादित आईएएस अधिकारी के बंगले में लगी आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे के ताकतवर नौकरशाह की सूची में शुमार आईएएस अधिकारी आराधना शुक्ला के 14 ए स्थित बंगला नंबर-1 सरकारी आवास में रविवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे अहम दस्तावेज राख हो गए।
बताया जा रहा है कि आग स्टोर रूम में लगी, वहां कुछ जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। बंगले पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने पुलिस कंट्रोल रूम व फायर विभाग को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। एफएसओ मदन सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का लग रहा है। हादसे के वक्त आराधना शुक्ला घर पर मौजूद नहीं थीं।
सेक्टर-20 थाने की पुलिस व अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस व फायर विभाग मामले की जांच में जुटी हुई है। ज्ञात हो कि यादव सिंह मामले में सीबीआई ने छापेमारी की थी। कयास लगाया जा रहा है कि अथॉरिटी के कई अधिकारी सीबीआई के रडार पर हैं। मौजूदा समय में आराधना शुक्ला के पास प्रमुख सचिव आबकारी विभाग व विशेष कार्याधिकारी नोएडा अथॉरिटी का पदभार है।
एनआरएचएम घोटाले के आरोपी की पत्नी हैं आराधना
आराधना शुक्ला 1989 बैच की यूपी काडर की आईएएस हैं। आराधना शुक्ला एनआरएचएम घोटाले के आरोपी सीनियर आईएएस प्रदीप शुक्ला की पत्नी हैं।
31 जुलाई को आराधना का ट्रांसफर विशेष कार्याधिकारी नोएडा के पद से खाद्य एवं रसद विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर किया गया था।
मगर उनकी ताकत व सत्ता में पहुंच का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि 6 अगस्त को दोबारा उन्हें विशेष कार्याधिकारी का पद देते हुए प्रमुख सचिव आबकारी विभाग का अतिरिक्त पद भी दे दिया गया। उन्हें सेक्टर-14 ए स्थित बंगला नंबर-1 अब भी अलॉट है।
विवादों से रहा है परिवार का नाता
प्रदीप शुक्ला एनआरएचएम घोटाले के प्रमुख आरोपी हैं। उन्हें डासना जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद भी उन्हें सरकार ने प्रमुख सचिव सार्वजनिक उद्यम विभाग एवं महानिदेशक, सार्वजनिक उद्यम ब्यूरो जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठा रखा है।
वहीं, उनकी पत्नी आराधना तब विवाद में आईं, जब उनके बंगले में एक दर्जन से ज्यादा एसी लगे होने की खबर फैली।
चौंकाने वाली बात यह है कि विवादों में घिरे रहने वाले आईएएस दंपति की बेटी पवनी शुक्ला को जनवरी 2013 में आईजीआई एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान रोक लिया गया था। उन पर आरोप लगा कि वह अमेरिका जाने के लिए फर्जी वीजा का प्रयोग कर रही हैं।