{"_id":"64fd92b9cd2c047cfd055455","slug":"fire-broke-out-outside-bhairava-temple-near-bharat-mandapam-during-g20-summit-delhi-2023-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"G20 summit: भारत मंडपम के पास हादसा, भैरव मंदिर के गेट पर लगी आग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
G20 summit: भारत मंडपम के पास हादसा, भैरव मंदिर के गेट पर लगी आग
Sun, 10 Sep 2023 03:26 PM IST
श्याम जी.
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: श्याम जी.
Updated Sun, 10 Sep 2023 03:26 PM IST
सार
जी20 शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम के पास स्थित भैरव मंदिर के गेट पर आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
जी-20 शिखर सम्मेलन के बीच रविवार सुबह भारत मंडपम के नजदीक आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। आग प्रगति मैदान के नजदीक मौजूद भैरव मंदिर के गेट पर लगी थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के अलावा पुलिस व दूसरी एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। तुरंत दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कुछ ही देर बाद आग पर काबू भी पा लिया गया। आग गेट पर मौजूद बिजली के तारों में लगी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। माना जा रहा है कि शनिवार से रह-रहकर हो रही बारिश के दौरान शार्ट सर्किट की वजह से तारों में आग लगी। फिलहाल बिजली विभाग को बुलाकर तुरंत तारों को दुरुस्त कर दिया गया।
विज्ञापन
अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि भैरव मंदिर भारत मंडपम के नजदीक सड़क के दूसरी ओर मौजूद है। रविवार सुबह करीब 7.01 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि भैरव मंदिर के मुख्य गेट पर आग लग गई है। सूचना के बाद तुरंत वहां पर दमकल की दो गाड़ियों को भेजा गया। चंद ही मिनटों बाद आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारी ने बताया कि किसी सुरक्षाकर्मी ने ही अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर कनॉट प्लेस से गाड़ी मौके पर पहुंच गई। हालांकि भारत मंडपम के नजदीक प्रगति मैदान के अंदर छह गाड़ियां मौजूद थी, लेकिन उनको बैठक स्थल के लिए सुरक्षित रखा गया था।
विज्ञापन
बता दें कि अग्निशमन विभाग ने जी-20 के लिए अपनी ओर से बड़े इंतजाम किए हैं। 500 जवानों के अलावा मेहमानों के ठहरने और बैठक स्थल के नजदीक आधुनिक उपकरणों के साथ दमकल की 35 गाड़ियों को 24 घंटे तैनात किया गया है। जी-20 समाप्त होने के बाद ही इन गाड़ियों को वहां से हटाया जाएगा।
विज्ञापन