{"_id":"68f48ecd39e6f4857c00b99c","slug":"fir-against-6-people-including-jnu-student-union-president-after-ruckus-2025-10-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: जेएनयू में मार्च के दौरान बवाल, पुलिस पर छात्रों से मारपीट का आरोप; छात्रसंघ अध्यक्ष सहित छह पर एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: जेएनयू में मार्च के दौरान बवाल, पुलिस पर छात्रों से मारपीट का आरोप; छात्रसंघ अध्यक्ष सहित छह पर एफआईआर
Sun, 19 Oct 2025 12:40 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Sun, 19 Oct 2025 12:40 PM IST
विज्ञापन
जेएनयू, JNU
- फोटो : JNU: @www.jnu.ac.in/main/
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के मार्च के दौरान शनिवार शाम को जमकर बवाल हुआ। इसमें कई छात्र चोटिल हो गए। इस पर लेफ्ट समर्थित छात्र संघ के पदाधिकारियों ने दिल्ली पुलिस पर बर्बरतापूर्ण मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस हिरासत में लेकर कापसहेड़ा थाने ले गई। छात्रों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा और महासचिव मुंतेहा फातिमा सहित कुल 28 छात्रों को हिरासत में लिया था, जिसमें अब छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम को 70-80 छात्र जेएनयू के पश्चिमी द्वार पर एकत्रित हुए। नेल्सन मंडेला मार्ग की ओर उनकी आवाजाही को रोकने के लिए पुलिस बैरिकेड लगाए गए थे। हालांकि बार-बार अनुरोध के बावजूद छात्रों ने बलपूर्वक बैरिकेड को तोड़ दिया। पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और नेल्सन मंडेला मार्ग पर आ गए। जिससे यातायात अस्थायी रूप से बाधित हो गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 28 छात्रों (19 पुरुष और 9 महिला) को हिरासत में लिया गया। इस घटना के दौरान छह पुलिसकर्मी (चार पुरुष और दो महिला) घायल हो गए और उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
विज्ञापन
इन छह छात्रों पर एफआईआर दर्ज
1. नीतीश कुमार (26 वर्ष) निवासी जिला अररिया, बिहार - अध्यक्ष जेएनयूएसयू
2. मनीषा (28 वर्ष) निवासी जिला सोनीपत, हरियाणा - उपाध्यक्ष जेएनयूएसयू
3. मुंतेहा फातिमा (28 वर्ष) निवासी जिला पटना, बिहार - महासचिव जेएनयूएसयू
4. मणिकांत पटेल (27 वर्ष) निवासी जिला औरंगाबाद, बिहार
5. ब्रिटी कर (27 वर्ष) निवासी जिला कोलकाता, पश्चिम बंगाल
6. सौर्य मजूमदार (28 वर्ष) निवासी पूर्वी मुंबई
छात्र संघ की उपाध्यक्ष मनीषा ने बताया कि गुरुवार को जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) समाप्त होने के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं द्वारा छात्र संघ अध्यक्ष नीतीश कुमार, सचिव मुंतेहा फातिमा और मेरा घेराव किया। नीतीश और मेरे ऊपर जातिगत टिप्पणी की गई। मुंतेहा को फिलिस्तीन भेजने की बात की गई। नीतीश के साथ मारपीट की गई। उसके विरोध में पुलिस को शिकायत भी की गई थी, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा जातिगत टिप्पणी वाले मामले पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसी के विरोध में शनिवार को शाम को मार्च का एलान किया था। बता दें कि जेएनयू में छात्र संघ चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही है।
विज्ञापन
मनीषा ने कहा कि पुलिस ने जेएनयू के मॉल (पश्चिमी) गेट के पास मार्च को रोकने की कोशिश की। पुलिस ने छात्रों के साथ बर्बतापूर्ण मारपीट की। मेरे हाथ की कोहनी में भी चोटें आई है। कई छात्राएं घायल हो गई है। पुलिस ने हिरासत में लेकर कापसहेड़ा थाने में बिठाया। शनिवार शाम को हुए बवाल को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें छात्र पुलिस पर फोन छीनने और मारपीट करने के आरोप लगा रहे हैं।