जब थाने में भिड़े ससुर-जमाई: दामाद को देखते ही बुजुर्ग ने खोया आपा, युवक ने सिर पर दे मारा हेलमेट, ये थी वजह
द्वारका सेक्टर-7 में भीम (63) परिवार के साथ रहते हैं। वह सेना से रिटायर होने के बाद फिलहाल डेपुटेशन पर काम कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2016 में उनकी बेटी ने मुकुल नामक युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में थाने में ससुर-दामाद भिड़ गए। आरोपी दामाद ने ससुर पर हेलमेट से हमला कर दिया। पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग-अलग कर दिया। ससुर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार भीम (63) परिवार के साथ द्वारका सेक्टर-7 में रहते हैं। वह सेना से रिटायर होने के बाद फिलहाल डेपुटेशन पर काम कर रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2016 में उनकी बेटी ने मुकुल नामक युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
बेटी ने पति व उसके परिवार वालों के खिलाफ ज्योति नगर थाने में मारपीट और प्रताड़ित करने की शिकायत दे दी। आठ अगस्त को पुलिस ने पूछताछ के लिये भीम, उसकी बेटी व दामाद मुकुल को थाने बुलाया। आरोप है कि मुकुल अपने ससुर को देखते ही भड़क गया। उसने अचानक हेलमेट से भीम पर हमला कर दिया।
उसका कहना था कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा कराने वाला वह ही है। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे काबू किया। बाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2016 में मुकुल ने भीम की बेटी से प्रेम विवाह किया था। अब दोनों के बीच विवाद चल रहा है।