जेल का फील है लेना तो आएं तिहाड़, 500 रुपए बिताएं एक रात
अगर आपके मन में कभी भी ये जानने उत्सुकता हुई हो कि जेल की जिंदगी कैसी होती है, उसका अनुभव कैसा होता है तो आपके लिए एक मौका है। हालांकि कोई भी शख्स अपनी जिंदगी में जेल का मुंह नहीं देखना चाहता क्योंकि वहां जाने वाले अपराधी ही होते हैं। लेकिन अगर आपको बिना किसी क्राइम के जेल का अनुभव लेने का मौका मिले तो आप क्या कहेंगे।
अब यह मुमकिन है सिर्फ 500 रुपए में। 500 रुपए दीजिए और देश की सबसे हाइटेक जेल तिहाड़ में रात बिता सकते हैं। दरअसल तिहाड़ जेल एक नई योजना पर काम कर रहा है। तिहाड़ के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक जेल प्रशासन 'फील द जेल कॉन्सेप्ट' को जल्द शुरू करने वाले हैं।
जेल प्रशासन ने इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को चार सेल तैयार करने को कहा है, जिसपर काम शुरू हो चुका है। जानकारी के अनुसार ये चार सेल जेल मुख्यालय के पास जो अदालत परिसर बना है इसे वहीं तैयार किया जा रहा है। हर सेल में कम से कम 5 लोगों को रखे जाने का इंतजाम होगा। इस तरह एक रात में 20 लोग जेल का अनुभव ले सकेंगे।
रही बात बात खाने की तो इन सेलों में रहने वाले स्पेशल कैदियों को भी वही खाना दिया जाएगा जो जेल में रहने वाले कैदी को दिया जाता है। इन सेलों की डिजाइन ठीक वैसे ही होगी जैसे खतरनाक कैदियों को रखे जाने वाले बैरक की होती है। इसके अंदर बाथरूम भी होगा। यहां सोने के लिए बेड या गद्दा नहीं होगा, कैदियों को जमीन पर ही सोना होगा।
अभी ये खास बैरक सिर्फ पुरुषों के लिए तैयार किए जा रहे हैं। जेल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में अगर महिलाओं की रिक्वेस्ट आती है तो उनके लिए अलग से सेल तैयार किए जाएंगे।