झूठी शान के लिए पिता ने ली बेटी की जान, रिश्तेदारों से कहा बीमार थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में झूठी शान के लिए पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी। वारदात में आरोपी के एक दोस्त ने भी उसका साथ दिया।
रिश्तेदारों को बीमारी से मौत की बात बताई गई, लेकिन पुलिस को किसी ने युवती के आत्महत्या करने की सूचना दे दी। पुलिस ने श्मशान घाट से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट से हत्या का खुलासा हुआ।
24 जुलाई को हुई वारदात के बाद 7 सितंबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। पुलिस ने आरोपी पिता व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिता ने बताया कि गैर बिरादरी के लड़के से प्यार करने पर उन्होंने बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता की पहचान लखन (50) और उसके दोस्त राजू (30) के रूप में हुई है। लखन परिवार के साथ बी-ब्लॉक, लालबाग, आजादपुर में रहता है। इसके परिवार में पत्नी, एक बेेटा और दो बेटियां थीं। मृतका शीतल (19) परिवार में सबसे छोटी बेटी थी। उसने नौंवी कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।
लखन अपने साथी राजू के साथ केबल का काम करता है। 23 जुलाई की रात को अचानक शीतल की मौत हो गई। अगले दिन 24 जुलाई को लखन और राजू व अन्य लोग अंतिम संस्कार के लिए शीतल के शव को लेकर केवल पार्क स्थित श्मशान घाट पहुंचे।
अभी वह शव का अंतिम संस्कार कर पाते कि किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना देने वाले ने युवती के आत्महत्या करने की आशंका जताई। पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को भी कुछ शक हुआ।
शव कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट में शीतल की मौत को स्वाभाविक नही बताया गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने लगी। इधर सात सितंबर को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो डॉक्टरों ने बताया कि शीतल को गला घोटकर हत्या की गई है।
पुलिस ने रविवार को लखन व उसके दोस्त राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने शीतल की हत्या की बात कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि झूठी शान के लिए आरोपियों ने 23 जुलाई की रात को शीतल की गला घोटकर हत्या कर दी।
दूसरी बिरादारी के युवक से करती थी प्यार इसलिए मारा...
पुलिस पूछताछ में आरोपी लखन ने बताया कि पढ़ाई छोड़ने के बाद शीतल अपने घर में रह रही थी। करीब डेढ़ साल पूर्व शीतल की दोस्ती इलाके में ही रहने वाले एक युवक से हुई। युवक चालक की नौकरी करता था। उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी नही थी। साथ ही गैर बिरादरी का भी था। लेकिन शीतल उसी युवक से शादी करना चाहती थी।
काफी समझाने के बाद जब बात नही बनी तो लखन ने बेटी की हत्या की साजिश रची। उसने इसके लिए अपने दोस्त राजू की मदद ली। 23 की रात को सोते समय बेटी की हत्या कर दी गई।
दोनों आरोपियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। परिवार के अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है, जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- विजयंता आर्य, उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त