BSc के छात्र ने महिला प्रिंसिपल को पीटा: जान से मारने की दी धमकी; कॉलेज में गैरहाजिर होने का पूछा था कारण
कॉलेज में गांव छांयसा निवासी पंकज बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। वह एक से 12 फरवरी तक कॉलेज में नहीं आया था। 13 फरवरी को कॉलेज आने पर प्राचार्य ने पंकज से लगातार गैरहाजिर रहने का कारण पूछा। आरोप है कि इस बात पर पंकज नाराज हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ग्रेटर फरीदाबाद स्थित लिंग्याज इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस में लगातार गैर हाजिर हो रहे एक छात्र से छुट्टी पर रहने का कारण पूछने पर बीएससी के छात्र ने महिला प्राचार्य के साथ हाथापाई कर दी। इससे पहले कि पीड़िता कुछ समझ पाती, आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर दीवार कूदकर फरार हो गया। थाना भुपानी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से तमिलनाडु निवासी पदमावती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फिलहाल सेक्टर-88 आरपीएस सवाना सोसाइटी में रह रही हैं। वह गांव कांवरा लिंग्याज इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस नर्सिंग में प्राचार्य हैं। कॉलेज में गांव छांयसा निवासी पंकज बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। वह एक से 12 फरवरी तक कॉलेज में नहीं आया था। 13 फरवरी को कॉलेज आने पर प्राचार्य ने पंकज से लगातार गैरहाजिर रहने का कारण पूछा।
आरोप है कि इस बात पर पंकज नाराज हो गया और प्राचार्य को गाली गलौज देना शुरू कर दिया। छात्र की हरकत पर प्राचार्य हैरान हो गईं और उसे डांटना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी ने महिला प्राचार्य के साथ हाथापाई कर दी। आरोपी ने उनके दोनों हाथ मरोड़ कर तोड़ने की कोशिश करते हुए धक्का दे दिया। महिला ने आरोपी को कॉलेज के छात्र व सुरक्षाकर्मी से पकड़वाना चाहा। इससे पहले वह किसी को आवाज देकर मदद के लिए बुलातीं, आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए दीवार कूदकर फरार हो गया। कॉलेज प्रबंधन ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, उनके हाथों में काफी खिंचाव है। प्राचार्य ने मामले की शिकायत थाने में दी। थाना भुपानी प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप ने बताया कि आरोपी छात्र के खिलाफ केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी गई है।
शिक्षण संस्थानों में पहले भी होते रहे हैं विवाद
शहर के शिक्षण संस्थानों में पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। करीब छह माह पहले नेहरू कॉलेज में दो प्रोफेसरों के बीच का विवाद काफी चर्चा का विषय रहा था। बात मारपीट तक पहुंच गई थी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी लेकिन बाद में आपसी समझौता हो गया। पिछले साल ग्रेटर फरीदाबाद स्थित डीपीएस स्कूल में अध्यापिका की प्रताड़ना से परेशान होकर एक छात्र ने घर से छठी मंजिल से छलांग लगा दी थी।
मामले में महिला अध्यापिका सहित चार छात्रों के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। जून 2020 में कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रही छात्रा निकिता तोमर की कॉलेज के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हाल ही में स्कूल में किसी बात को लेकर हुए विवाद के कारण पांच युवकों ने ग्यारहवीं के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बल्लभगढ़ में एक निजी स्कूल में छात्रा तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल पर गिर गई थी। आरोप था कि स्कूल टीचर के डर से उसका पैर फिसल गया और हादसा हो गया।