फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एसआरएस हिल्स में रह रहे लोगों की लगातार चिंता बढ़ रही है। उनका कहना है कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा सोसाइटी में चस्पाए गए नोटिस के दिन जैसे-जैसे आगे बीत रहे हैं, उनकी धड़कन बढ़ रही है। लिहाजा अब शनिवार को प्रदर्शन करेंगे। इसके तहत स्थानीय विधायक, सांसद के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। उन्हें ज्ञापन दिया जाएगा और समस्या से निजात दिलाने की मांग की जाएगी।
दरअसल, एसआरएस हिल्स सोसाइटी में 3700 के आसपास फ्लैट्स हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो इनमें से 1377 फ्लैट धारकों को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा नोटिस जारी किया गया है। सोसाइटी के बाहर चस्पाए गए नोटिस के माध्यम से कहा गया है कि वह 10 दिन में फ्लैट्स को खाली कर दें। इससे 6000 से अधिक लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सोमवार को सेक्टर-16 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर भी प्रदर्शन किया गया। स्थानीय निवासी अरुण रावत आदि ने बताया कि उन्होंने से 35 से 40 लाख में फ्लैट्स खरीदे। इसके लिए लिए बैंक से ऋण भी लिया है। कई ऋण चुकता कर चुके हैं, वहीं कई किस्त भर रहे हैं। बावजूद उन्हें बिल्डर की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। इससे उनकी परेशानी बढ़ रही है। लिहाजा अब वह प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार करेंगे।