{"_id":"5b49ff914f1c1be94b8b48ec","slug":"11531576209-faridabad-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"रुपये दोगुना करने का झांसा दे ठगने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
रुपये दोगुना करने का झांसा दे ठगने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार
Updated Sat, 14 Jul 2018 07:20 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
रुपये दोगुना करने का झांसा देने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार
फरीदाबाद। लोगों को रुपये दोगुना करने का लालच देकर ठगने वाले ढोंगी बाबा को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से दो हजार रुपये के नोटों की नकली गड्डी व एक आइसक्रीम कंपनी में काम करने वाले से ठगे गए 3400 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि वीटा डेयरी के पास रहने वाला मुन्ना सिंह आइसक्रीम कंपनी में काम करता है। शुक्रवार को वह किसी काम से बदरपुर बॉर्डर आया था। रास्ते में मुन्ना सिंह की मोटरसाइकिल को एक कथित बाबा ने रुकवा लिया। उस बाबा ने मुन्ना सिंह को बातों में उलझा कर कहा कि उसकी जेब में जितने भी पैसे हैं, वह उसे अपने हाथ में रख लो। बाबा ने उसे झांसा दिया कि वह उन नोटों को दोगुना कर देगा। बाबा ने मुन्ना को 2000 रुपये के नोट की एक गड्डी भी दिखाई, जिसे देखकर मुन्ना सिंह को लालच आ गया।
विज्ञापन
उसने बाबा को पैसे पकड़ा दिए। इसके बदले में बाबा ने एक शंखनुमा चीज मुन्ना को दी। मुन्ना का कहना है कि उसे छूते ही नशा हो गया और बाबा वहां से पैसे लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। क्राइम ब्रांच ने शनिवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर बाबा को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बाबा की पहचान आर्य नगर, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश निवासी विक्रम नाथ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से ठगी के 3400 और 2000 की गड्डी बरामद की गई, जिसे दिखाकर वह लोगों को ठगता था। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।
विज्ञापन