फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा औद्योगिक सेक्टर

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा औद्योगिक सेक्टर

Fri, 03 Nov 2017 10:38 PM IST
Updated Fri, 03 Nov 2017 10:38 PM IST
विज्ञापन
गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा औद्योगिक सेक्टर

विज्ञापन
दिनदहाड़े फैक्ट्री में घुसकर फायरिंग, सीसीटीवी में घटना कैद

फरीदाबाद। औद्योगिक सेक्टर-24 शुक्रवार दिनदहाड़े कार में आए बदमाशों ने एक लोहा कारोबारी की फैक्ट्री में घुसकर दनादन गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। एक मिनट से भी कम समय में बदमाशों ने फैक्ट्री आफिस में करीब दस राउंड फायर किए और कार में बैठकर फरार हो गए। बदमाशों ने न तो वहां कोई लूटपाट की और न किसी को निशाना बनाकर गोली चलाई। सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों का इरादा केवल औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैलाना था। थाना मुजेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीमों को लगाया गया है।
सेक्टर-14 निवासी राजकुमार गुप्ता की सेक्टर-24 इंडस्ट्रियल एरिया में हरियाणा स्टील मोंगर्स के नाम से शीट मेटल की फैक्ट्री है। वे लोहे की कॉइल लेकर उसे काट कर कंपनियों को माल सप्लाई करते हैं। शुक्रवार सुबह रोज की तरह वे फैक्ट्री में बैठे थे। करीब 10 बजकर 54 मिनट पर उनकी फैक्ट्री के गेट के सामने एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकी और उसमें से पांच युवक उतरे, जबकि दो युवक पहले ही फैक्ट्री के बाहर चक्कर लगा रहे थे। कार से उतरते ही चार युवक फैक्ट्री के अंदर घुस आए। चारों के हाथ में पिस्तौल थी और उन्होंने आते ही फैक्ट्री आफिस के बाहर फायरिंग करनी शुरू कर दी। बदमाशों ने एक मिनट में ताबड़तोड़ करीब दस राउंड फायर किए और सभी कार में बैठकर फरार हो गए। फायरिंग में आफिस का शीशा टूट कर चकनाचूर हो गया। बदमाश जाते-जाते गार्ड रूम में भी फायरिंग करके गए, मगर गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। एक मिनट से भी कम समय में हुई इस घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया। फैक्ट्री प्रबंधन ने घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही थाना मुजेसर प्रभारी दिनेश कुमार, एसीपी मुजेसर राधेश्याम व डीसीपी एनआईटी आस्था मोदी सहित क्राइम ब्रांच व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को मौके से सात खोल व तीन सिक्के (गोली में निकलने वाला अगला हिस्सा) मिले हैं। डीसीपी एनआईटी ने बताया कि क्राइम ब्रांच को बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगाया गया है। फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस पीसीआर तैनात कर दी गई है।
विज्ञापन


सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
हरियाणा स्टील मोंगर्स में हुई गोलीबारी की घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिस तरह से बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है, उससे साफ है कि वे प्रोफेशनल हैं और उन्होंने दहशत फैलाने के लिए ही यह काम किया है। वारदात के दौरान जब बदमाश फैक्ट्री के अंदर गोलीबारी कर रहे थे तो गेट पर खड़े दो बदमाशों ने फैक्ट्री से माल लेकर निकले एक रिक्शा चालक को भी पकड़ लिया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल टिका दी। रिक्शा चालक ने हाथ पांव जोड़कर अपनी जान बचाई और वहां से भाग गया। यह सारा वाक्या कैमरे में कैद है। जिस स्विफ्ट कार में बदमाश आए थे, उस पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस खंगाल रही पुराने कर्मचारियों का रिकार्ड
पुलिस को आशंका है कि इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले किसी पुराने कर्मचारी का भी हाथ हो सकता है। इसके लिए पुलिस ने फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों सहित हाल फिलहाल में काम छोड़ कर गए कर्मचारियों का रिकार्ड भी मांगा है। पुलिस ने कंपनी मालिक से भी इस संबंध में पूछताछ की कि उन्हें किसी तरह का कोई धमकी भरा फोन आया हो या फिर किसी कर्मचारी को उन्होंने कोई गलती होने पर गुस्से में निकाला हो। हालांकि राजकुमार गुप्ता ने इस तरह की किसी भी बात से इंकार किया है।


प्रिंटर ने बचाई कर्मचारी की जान
हरियाणा स्टील फैक्ट्री में जब 11 बजे वारदात हुई तो आफिस में कर्मचारी बैठ कर काम कर रहे थे। आफिस के आगे बड़ा सा शीशे का गेट लगा है और उसके साथ ही कर्मचारी के टेबल लगे हुए हैं। गेट के सामने सबसे आगे कर्मचारी जितेंद्र का कंप्यूटर टेबल लगा हुआ है। बदमाशों ने गोली बरसानी शुरू की तो एक गोली जितेंद्र के कंप्यूटर टेबल पर रखे प्रिंटर में छेद करते हुए उसमें लगे कागजों के बंच में जाकर फंस गई। यदि प्रिंटर वहां नहीं होता तो गोली सीधे कर्मचारी जितेंद्र को जाकर लगती। इस हादसे के बाद जितेंद्र काफी घबरा गया था और घर चला गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed