आर्यन हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 12वीं के छात्र को गोतस्कर समझ 30 किलोमीटर पीछा कर मारी थी गोली, पांच गिरफ्तार
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 23 अगस्त की रात उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि डस्टर और फॉच्यूर्नर कार सवार कुछ पशु तस्कर शहर में रेकी कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने 12वीं के छात्र आर्यन (20) हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने आर्यन को गोतस्कर समझकर कार से पटेल चौक से पलवल के गदपुरी टोल तक करीब 30 किलोमीटर पीछा करने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद जेल भेज दिया गया है।
एसीपी क्राइम अमन यादव ने कहा कि छात्र आर्यन की हत्या में अनिल, कृष्ण, वरुण, आदेश और सौरव को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी फरीदाबाद के निवासी हैं। 23 अगस्त की रात आर्यन मिश्रा अपने मकान मालिक के बेटे हर्षित व अन्य के साथ कार में बैठकर मैगी खाने बड़खल स्थित एक मॉल गया था। वहां से देर रात लौटते समय पटेल चौक पर आरोपियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। डर से हर्षित ने कार की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद आरोपियों ने करीब 30 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। दिल्ली आगरा-हाईवे के पलवल स्थित गदपुरी टोल से कुछ आगे गांव बघोला पर आरोपियों ने कार को ओवरटेक कर आर्यन को गोली मार दी थी।
आर्यन को गोली लगने के बाद कार चला रहे चालक ने कार रोकी तो पास आकर आरोपियों में से एक ने आर्यन के सीने में दूसरी गोली मार दी। डर के मारे अन्य कार सवार बाहर निकलकर आए। इस दौरान कार में बैठीं हर्षित की मां सुजाता गुलाटी और पड़ोसी महिला कृति शर्मा को देखकर आरोपियों को अंदाजा हुआ कि उन्होंने गलत व्यक्ति पर गोली चला दी। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 23 अगस्त की रात उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि डस्टर और फॉच्यूर्नर कार सवार कुछ पशु तस्कर शहर में रेकी कर रहे हैं। आरोपी कार सवार उन पशु तस्करों की तलाश शहर में कर रहे थे। इस दौरान उन्हें पटेल चौक पर एक डस्टर कार दिख गई। इस आशंका में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान
मामले में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गदपुरी टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सूचना के आधार पर 28 अगस्त को पर्वतीय कॉलोनी निवासी आरोपी अनिल, नंगला पार्ट एक निवासी वरुण, खेड़ी गुजरान निवासी कृष्ण व गांव सदलापुर जिला मेरठ निवासी आदेश को गिरफ्तार किया। आरोपी आदेश को सेक्टर 23 संजय कॉलोनी को गिरफ्तार किया और अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।