Holi 2024: होली पर घर जाने की जंग; जान की परवाह किए बिना सफर को मजबूर लोग, ट्रेन से लेकर बस तक में खचाखच भीड़
आलम यह है कि लोग सीट न मिलने के कारण चलती ट्रेन के दरवाजों पर लटकते हुए दिखाई दिए। वहीं बसों में भी यात्री जान की परवाह किए बिना छतों पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
होली पर अपनों के पास लौटने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। पर्व से एक दिन पहले लोग बसों और ट्रेनों की टिकटों के लिए लाइन में लगे दिखाई दिए। ओल्ड फरीदाबाद, न्यू टाउन और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड पर घर लौटने वालों को जमावड़ा लगा रहा। कंपनियों से छुट्टी नहीं मिलने के कारण होली से एक दिन पहले रविवार को लोग अल सुबह अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
फरीदाबाद में काफी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार सहित अन्य प्रदेशों के लोग रहते हैं। होली जैसे पर्व पर यह अपने घर लौटते हैं। दूर-दराज रहने वाले लोग शुक्रवार को ही अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए। वहीं जिन लोगों को दफ्तरों से छुट्टी नहीं मिली वह रविवार अल सुबह निकल गये। देर शाम तक शहर के रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड पर आवागमन का सिलसिला जारी है। आलम यह रहा कि लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लोग धक्का मुक्की करते नजर आए। इसके अलावा सीटें नहीं मिलने के कारण चलती ट्रेन के दरवाजों पर लटकते हुए दिखाई दिए। वहीं बसों में भी यात्री जान की परवाह किए बिना छतों पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं।
सेक्टर-2 निवासी कन्हैया कुमार ने बताया कि उनका पूरा परिवार छपरा में रहता है, कई दिनों से टिकट के लिए स्टेशन के चक्कर काट रहे थे, दुकानदार भी दोगुनी राशि वसूल रहे हैं। रविवार दोपहर दिल्ली से बिहार संपर्क क्रांति से छपरा जाएंगे, यह करीब 4 बजे पहुंचा देगी। टिकट नहीं मिल पाई है जनरल में जैसे-तैसे सफर करेंगे। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों फुल चल रही हैं। पैसेंजर और कम दूरी वाली ट्रेनों में भी सीट नहीं मिल रही हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी सतर्क
जीआरपी थाना इंचार्ज राजपाल ने बताया कि होली पर्क को लेकर जीआरपी पुलिस सतर्क है। रेलवे स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में जवान तैनात हैं। त्योहार पर रेलवे स्टेशन पर शांति बनाए रखने के लिए यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। होली के एक दिन पहले यानी रविवार को भी स्टेशन पर खासा भीड़ रही। ऐसे में चोरी सहित अन्य घटनाएं बढ़ने का अंदेशा बढ़ गया है, फरीदाबाद, न्यू टाउन और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है। इसके अलावा जीआरपी पुलिस प्लेटफार्म से लेकर टिकट काउंटर पर मौजूद रहे।