मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट का पता नहीं, नेता करने लगे घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव नजदीक है इसलिए नेता उसी के हिसाब से बयानबाजी और अपना बखान करने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में कुछ लोग मेट्रो प्रोजेक्ट को भी राजनीति का शिकार बना रहे हैं।
इस प्रोजेक्ट पर राजनीतिक राग बल्लभगढ़ की विधायक शारदा राठौर ने छेड़ा है। पिछले दिनों उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया था कि 1 जून को बल्लभगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट एक्सटेंशन का शिलान्यास कर दिया जाएगा।
विधायक के इस बयान को लेकर मेट्रो व हुडा अधिकारी सभी हैरान हैं। क्योंकि बल्लभगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर अभी तक दोनों के पास किसी भी प्रकार से कोई लिखित या मौखिक निर्देश नहीं आए हैं।
मुख्यमंत्री हुड्डा ने केवल घोषणा की है, काम नहीं
मेट्रो प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक बल्लभगढ़ मेट्रो प्रोजेक्ट की डीपीआर भी तैयार नहीं है। लेकिन इसे लेकर हलचल है। मार्च 2013 में एक रैली में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बदरपुर-वाइएमसीए प्रोजेक्ट का विस्तार कराने की घोषणा की थी।
लेकिन पूरा साल बीत जाने के बाद इस प्रोजेक्ट पर किसी भी प्रकार की हलचल नहीं हुई और न ही नोडल एजेंसी हुडा के पास ही प्रोजेक्ट के एक्सटेंशन को लेकर कोई कागज आया।
जमीन अधिग्रहण की अब तक कोई सूचना नहीं
हुडा प्रशासक सुप्रभा दहिया ने बताया कि उनके पास अभी तक प्रोजेक्ट के एक्सटेंशन को को लेकर कोई आदेश पत्र मुख्यालय से नहीं भेजा गया है।
भूमि अर्जन अधिकारी राजेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि मेट्रो के लिए जमीन अधिग्रहण की अब तक कोई सूचना नहीं है। बिना जमीन अधिग्रहण के विस्तार संभव भी नहीं है।
नगर योजनाकार रेनुका सिंह ने बताया कि अभी तक सरकार की ओर से उनके पास प्रोजेक्ट के विस्तार को लेकर सर्वे या जमीन की मांग नहीं की गई है।