{"_id":"c7c3f416d4205fbe6cf47cb29b78499c","slug":"faridabad-baby-kidnapper-arrested-hindi-news-jn","type":"story","status":"publish","title_hn":"फरीदाबाद: बच्चे के अपहरणकर्ता गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फरीदाबाद: बच्चे के अपहरणकर्ता गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
Updated Thu, 20 Nov 2014 02:50 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फरीदाबाद के पंचशील कॉलोनी में मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहे ढाई साल के एक बच्चे को दो युवक उठा ले गए। उन्होंने पिता को पीसीओ से फोन कर दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पिता की शिकायत पर सराय ख्वाजा पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद दोनों अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया। अपहरण का साजिशकर्ता फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
विज्ञापन
बसंतपुर पंचशील कॉलोनी निवासी मो. असनाफ दिहाड़ी मजदूर है। मंगलवार सुबह वह दिल्ली गया हुआ था। करीब साढ़े ग्यारह बजे दो युवकों ने उसके मोबाइल पर कॉल कर बताया कि उन्होंने उसके ढाई साल के बेटे मो. आजाद का अपहरण कर लिया है। बच्चे की रिहाई के लिए अपहर्ताओं ने उससे दो लाख रुपयों की मांग की। उन्होंने पुलिस से शिकायत करने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी। काम-छोड़ घर लौटे असनाफ अपनी पत्नी के साथ सराय ख्वाजा थाना पहुंचे।
विज्ञापन
अपहरण का केस दर्ज कर बच्चे की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। जांच में पता चला कि अपहर्ताओं ने निखिल विहार के पीसीओ से असनाफ को फोन किया था। पुलिस ने निखिल विहार, जगमाल इंक्लेव और अगवानपुर गांव के आस पास मुखबिर सक्रिय कर दिए। जानकारी मिली कि जगमाल इंक्लेव निवासी अन्नू के घर पर दो युवक एक बच्चे को रखे हुए हैं।
विज्ञापन
बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने अन्नू के घर पर दबिश दी, तो अंदर रोशन आलम और मो. वकील बच्चे को लिए हुए मिले। पुलिस ने बच्चे को कब्जे में लेकर दोनों को हिरासत में ले लिया। मकान मालिक अन्नू मौके पर नहीं मिला। रोशन आलम और मो. वकील मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। यहां दिहाड़ी मजदूर का काम करते थे। कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने बच्चे को दंपति को सौंप दिया। दोनों अपहर्ताओं को पुलिस ने एक दिन की रिमांड लिया है।
जल्दी अमीर बनने का लालच दिया
दिहाड़ी मजदूर मो. वकील, असनाफ के घर के पास ही किराये पर रहता है। उसकी दोस्ती जगमालपुर इंक्लेव निवासी अन्नू और रोशन आलम से हुई। मजदूरी में कम कमाई से तंग आए दोनों युवकों को अन्नू ने जल्दी अमीर बनने के लिए अपहरण करने के लिए बहकाया। अन्नू ने मो. असनाफ के बेटे का अपहरण करने की साजिश रची। वकील और रोशन आलम ने इसे अंजाम दिया।
अन्नू और पीसीओ संचालक फरार
वकील और रोशन ने निखिल विहार के एक पीसीओ से फिरौती की रकम मांगने के लिए फोन किया था। इलाके में पुलिस की सरगर्मी बढ़ते देख पीसीओ संचालक मंगलवार शाम ही पीसीओ बंद कर फरार हो गया था। अपहरण की साजिश रचने वाला अन्नू भी मंगलवार की शाम को ही घर से गायब है। जांच अधिकारी सतबीर सिंह ने बताया कि दोनोें की ही तलाश की जा रही है। अन्नू अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया जा रहा है।