सम-विषम: मेट्रो स्टेशनों पर तैनात होंगे अतिरिक्त CISF जवान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सम-विषम फार्मूला लागू करने के दौरान दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ने के अनुमान को देखते हुए दिल्ली मेट्रो में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
इस दौरान सीआईएसएफ के 500 अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। कुछ सादी वर्दी में भी जवान तैनात किए जाएंगे ताकि भीड़ का लाभ उठाने की कोशिश करने वाले अपराधी किस्म के लोगों को काबू किया जा सके।
दिल्ली मेट्रो और सीआईएसएफ अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद जवानों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इंटरचेंज स्टेशन पर जवानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर जवानों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सादी वर्दी में भी जवानों को तैनात किया जाएगा। वर्तमान में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन में सीआईएसएफ के 4500 जवान स्टेशनों पर तैनात हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने वॉलंटियर्स की मांगी डिटेल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सम-विषम फॉर्मूले को लेकर दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखा है। पत्र में वॉलंटियर्स की डिटेल मांगी है।
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा कि बिना पुलिस की इजाजत और दिशा निर्देश के अगर किसी भी पार्टी के कार्यकर्ता व वॉलंटियर्स ने वाहन को रोका तो इसे अपराध माना जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) मुक्तेश चंदर ने बताया कि मुख्य सचिव केके शर्मा को पत्र में कहा गया है कि सरकार वॉलंटियर्स के बारे में ट्रैफिक पुलिस को बताए। ट्रैफिक पुलिस उनको ट्रेनिंग देगी। पुलिस वॉलंटियर्स को बताएगी कि उन्हें कहां और कैसे ड्यूटी करनी है। वह अपनी ओर से कोई काम नहीं कर सकते। किसी को भी कानून का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा।
वहीं दिल्ली पुलिस आयुक्त ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें सरकार के नोटिफिकेशन का इंतजार है। इसके बाद ही पुलिस निर्णय लेगी। हर कदम कानून के दायरे में उठा जाएगा।