प्रदूषण पर केंद्र की बैठक: दिल्ली में पटाखे बैन, NCR में भी हो, पराली पर दिया जोर; ये है सात सूत्रीय सुझाव
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के द्वारा केंद्र और एनसीआर राज्य की पर्यावरण मंत्रियों की बैठक में भाग लिया। उन्होंने दिल्ली आने वाले सार्वजनिक परिवहन को सीएनजी या इलेक्ट्रिक पर चलाने की मांग की। साथ ही 7 सूत्री सुझाव पर एनसीआर राज्य की पर्यावरण मंत्रियों से सहयोग की अपील भी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्र और एनसीआर राज्य की पर्यावरण मंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिए शुक्रवार को संयुक्त बैठक की गई। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने एनसीआर से दिल्ली आने वाले सभी सार्वजनिक परिवहन को सीएनजी या इलेक्ट्रिक पर संचालित करने की मांग समेत सात सूत्री सुझाव दिए। बैठक में एनसीआर में सर्दी के मौसम में प्रदूषण को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। यह बैठक केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई।
प्रदूषण पर केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने ली बैठक
राय ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को दिल्ली में सर्दियों के मौसम में होने वाली वायु प्रदूषण की समस्या को लेकर एनसीआर राज्यों के पर्यावरण मंत्री के साथ संयुक्त बैठक करने के लिए 17 अक्टूबर को पत्र लिखा था। इसमें 7 सूत्री सुझाव पर एनसीआर राज्य की पर्यावरण मंत्रियों से सहयोग की अपील थी। इसमें केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, एनसीआर राज्य के पर्यावरण मंत्री समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
एनसीआर के राज्यों में भी लगाए जाए पटाखों पर प्रतिबंध
राय ने बताया कि दिल्ली के अंदर ठंड के मौसम में प्रदूषण की समस्या काफी बढ़ जाती है। सभी कारकों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने इस बार 15 फोकस बिंदुओं पर आधारित विंटर एक्शन प्लान बनाया है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दो महीने प्रदूषण के हिसाब से बहुत ही नाजुक होते हैं।
दिल्ली ने जिस तरह पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उसी तरह एनसीआर के राज्यों को भी चाहिए कि वे पटाखों के लाइसेंस, उत्पादन, भंडारण और पटाखें फोड़ने पर अभी से प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने बताया कि सीएक्यूएम की रिपोर्ट के अनुसार 2016 में दिल्ली में अच्छे दिनों की संख्या 109 थी, जो पिछले साल 163 रही है। इस साल अच्छे दिनों की संख्या 205 हो गई है।
7 सूत्री सुझाव पर एनसीआर राज्य की पर्यावरण मंत्रियों से सहयोग की अपील
1. एनसीआर से दिल्ली आने वाले सभी सार्वजनिक परिवहन सीएनजी या इलेक्ट्रिक पर चलाए जाएं।
2. एनसीआर में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
3. एनसीआर राज्यों में औद्योगिक इकाइयां अभी भी प्रदूषणकारी ईंधन से चल रही हैं, उन्हें तत्काल पाइप प्राकृतिक गैस में परिवर्तित किया जाए।
4. एनसीआर राज्यों में चल रहे भारी प्रदूषण फैलाने वाले ईंट भट्ठों को जिग-जैग तकनीक में बदला जाए।
5. डीजल जनरेटर पर निर्भरता कम करने के लिए एनसीआर राज्यों के सभी हाउसिंग सोसाइटियों के लिए बिजली सुनिश्चित की जाए।
6. एनसीआर राज्यों में भी दिल्ली की तरह ही पटाखों पर पूरी तरह से पाबंदी हो।
7. नॉन डेस्टाइंड वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनके शुरुआती बिंदु से ही डाइवर्ट करने के लिए संबंधित राज्य सरकारों को कहा जाए।