केजरीवाल पर अंडा और पत्थर फेंका, बाल-बाल बचे
आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल पर एक बार फिर कुछ शरारती युवकों ने अंडा फेंका। मंगलवार शाम केजरीवाल सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा कर रहे थे।
इसी बीच कुछ लोगों ने केजरीवाल की तरफ पत्थर और अंडा उछाल दिया। अचानक हुए इस हमले से केजरीवाल ने किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
केजरीवाल ने इस तरह की घटना की निंदा करते हुए कहा कि विरोधी हताश हैं। वे इस तरह की घटना को अंजाम देते रहेंगे। उनके पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं हैं।
वहीं, आशुतोष ने कहा कि इस दौरान पुलिस ने ठोस कार्रवाई की होती तो युवक पकड़ लिए जाते। पुलिस ने किसी को पकड़ने की ज्यादा कोशिश नहीं की, न ही पत्थर और अंडे फेंककर भाग रहे युवकों को दौड़ाया।
इससे पहले भी केजरीवाल पर चला था पत्थर
इससे पहले भी केजरीवाल की सभा में पत्थर फेंकने की घटना सामने आ चुकी है। देवली में एक जनसभा के दौरान केजरीवाल पर पत्थर फेंका गया था। हालांकि फेंका गया पत्थर केजरीवाल तक नहीं पहुंच सका। उन्हें किसी तरह की चोट भी नहीं पहुंची थी।
बता दें कि आम आदमी पार्टी दिल्ली चुनाव के तैयारियों के तहत जोर-शोर से प्रचार में लगी हुई है। इसी अभियान के तहत दिल्ली के देवली में एक जनसभा का आयोजन किया था। सभा के दौरान ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल को निशाना साध पत्थर फेंक दिया था।
घटना के तुरंत बाद ही लोगों ने पत्थर फेंकने वाले को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि अभी तक इस बात का पता नहीं चल सका है कि व्यक्ति कौन है और उसने केजरीवाल पर पत्थर क्यों फेंका।