200 करोड़ का पीएमएलए मामला: ईडी ने तिहाड़ जेल के तीन अधिकारियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया
ईडी ने इनके खिलाफ जांच के बाद सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल की थी। तीनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। संघीय एजेंसी ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार जेल अधिकारी मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में शामिल थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को अदालत में तिहाड़ जेल के तीन अधिकारियों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दायर कर दिया। यह आरोपपत्र सुकेश चंद्रशेखर, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और अन्य के खिलाफ कथित रूप से 200 करोड़ रुपये की उगाही से जुड़ा है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक के समक्ष जेल अधिकारियों महेंद्र प्रसाद सुंदरियाल, सुंदर बोरा और धरम सिंह मीणा के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया है। इन अधिकारियों को इस साल की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। अदालत ने मामले की सुनवाई 18 अप्रैल तय की है। एजेंसी ने आरोप लगाया कि तीनों आरोपी मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में शामिल थे।
ईडी ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया था। उन पर रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से धोखाधड़ी और जबरन वसूली का आरोप लगाया गया है। सिंह को अक्टूबर 2019 में रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड में धन की कथित हेराफेरी से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
चंद्रशेखर और उनके सहयोगियों ने कथित तौर पर अदिति को सरकारी अधिकारी बताकर और उसके पति को जमानत दिलाने का वादा करके उससे पैसे लिए। चंद्रशेखर ने कथित तौर पर अदिति को पैसे ट्रांसफर करने के लिए राजी किया। चंद्रशेखर और उनकी अभिनेता पत्नी लीना मारिया पॉल दोनों को दिल्ली पुलिस ने मामले में उनकी कथित भूमिका के लिए पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया था। अदालत ने 15 नवंबर को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी फर्नांडीज को जमानत दे दी थी। इस मामले में उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी।