दिल्ली: शिकायत लेकर थाने पहुंचे दो भाई, जरा सी बात पर सब इंस्पेक्टर को उठाकर पटका, पढ़ें पूरा मामला
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस बात का भी पता किया जा रहा है कि दोनों आरोपी अनिल व नरेश क्या शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
द्वारका जिले के डाबड़ी थाने शिकायत करने पहुंचे दो भाइयों ने एक सब इंस्पेक्टर को उठाकर पटक दिया। बीच बचाव कराने आए एक एएसआई के साथ भी इन लोगों ने मारपीट की। थाने में मौजूद बाकी स्टाफ ने किसी तरह दोनों को काबू किया। बाद में इनको गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान अनिल कुमार (29) और नरेश कुमार (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, ड्यूटी के दौरान हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा बाकी स्टाफ से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
द्वारका जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एसआई लालचंद (53) डाबड़ी थाने में तैनात हैं। शनिवार शाम के समय वह थाने में मौजूद थे। इस बीच शाम के समय वह ड्यूटी ऑफिसर महिला हवलदार पूनम के पास कुछ पेपर लेने पहुंचे। वहां आरोपी अनिल कुमार और नरेश कुमार पूनम से चिल्ला-चिल्लाकर बातचीत कर रहे थे।
उनका कहना था कि पुलिस उनकी शिकायत नहीं ले रही। शोर-शराबा सुनकर लालचंद वहां पहुंचे। उन्होंने दोनों भाई से कहा कि वह अपनी शिकायत बताएं। इस बात पर दोनों भड़क गए। वह लालचंद से बदसलूकी करने लगे। अचानक दोनों ने लालचंद को उठाकर पटक दिया। लालचंद को बचाने गए एएसआई सीताराम का इन लोगों ने हाथ पकड़कर बुरी तरह मरोड़ दिया। यह देखकर लालचंद और सीताराम को बचाने वहां पहुंचे। अनिल व नरेश को काबू कर लिया गया। बाद में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनको जेल भेज दिया गया। घायल हुए दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छुट्टी दे दी गई।