Diwali 2025: दिवाली के चलते हर जगह घर जाने वाले लोगों का रेला, बस-ट्रेनों में भारी भीड़; इंतजार करने को मजबूर
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के प्रमुख बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन भी यात्रियों की भारी भीड़ हैं। लोग परिवार और दोस्तों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर की ओर बढ़ रहे हैं।
विस्तार
त्योहारी सीजन के चलते दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिससे प्रमुख बस अड्डों और मेट्रो स्टेशनों पर काफी व्यस्तता है। वहीं, आज धनतेरस की खरीदारी को लेकर बाजारों में काफी भीड़ है।
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के प्रमुख बस स्टैंड और मेट्रो स्टेशन भी यात्रियों की भारी भीड़ हैं। लोग परिवार और दोस्तों के साथ त्योहार मनाने के लिए घर की ओर बढ़ रहे हैं। यातायात पुलिस और स्टाफ ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यातायात और सुरक्षा विभाग ने भीड़ नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे समय से पहले यात्रा की योजना बनाएं और सुरक्षा नियमों का पालन करें। बता दें कि त्योहार के इस सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या आम है, लेकिन प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रेटर नोएडा में दिखी भीड़
दिवाली पर घर जाने के लिए परी चौक पर यात्रियों को शुक्रवार को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। नॉलेज पार्क में पढ़ने वाले छात्रों की छुट्टियों के कारण काफी भीड़ रही। शुक्रवार को सड़कों पर केवल छात्र ही छात्र दिखाई दिए। वहीं, दादरी में भी यात्री बसों का इंतजार करते रहे।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ी भीड़, रोडवेज ने बढ़ाए फेरे
त्योहारी सीजन में घर जाने वालों की भीड़ से नोएडा बस डिपो और रेलवे स्टेशन खचाखच भर गए हैं। शुक्रवार शाम से यात्रियों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जो शनिवार को और बढ़ने की उम्मीद है। इस बीच परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बस फेरे लगाने की घोषणा की है। क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल नोएडा-ग्रेनो क्षेत्र की 305 बसें 30 से अधिक रूटों पर संचालित हो रही हैं। इनमें सिकंदराबाद, खैर, अलीगढ़, हाथरस, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, मथुरा और रामपुर समेत कई प्रमुख रूट शामिल हैं।
त्योहार को देखते हुए अब इन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं ताकि अधिकतम यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके। बसें नोएडा डिपो, बॉटेनिकल गार्डन, परी चौक और जीरो प्वाइंट से होकर गुजरेंगी। यात्री अपनी सीट यूपीएसआरटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी बुक कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को देखते हुए सभी डिपो पर निरीक्षण और निगरानी बढ़ा दी गई है।
गाजियाबाद के बस अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर भीड़
गाजियाबाद के कौशांबी बस अड्डा यात्रियों से गुलजार है। बड़ी संख्या में लोग टिकट लेकर बसों में सफर कर रहे हैं, जिससे बस अड्डे पर सामान्य से अधिक भीड़ देखने को मिली। वहीं, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है।