Delhi: डीयू में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर, जल्द शुरू होगा कौशल आधारित कोर्सेज
डीयू के छात्र डीएसईयू से कौशल आधारित कोर्सेज कर सकेंगे। डीएसईयू के छात्रों को भी डीयू के कुछ पाठ्यक्रम करने की अनुमति होगी। दोनों संस्थानों के बीच इसके लिए एमओयू साइन करने पर सहमति बनी है। दोनों संस्थान शैक्षणिक कार्यक्रमों में एक-दूसरे का सहयोग करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को जल्द ही दिल्ली स्किल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीएसईयू) के कौशल आधारित कोर्सेज को करने का अवसर मिलेगा। वहीं, डीएसईयू के छात्रों को भी डीयू के कुछ कोर्सेज को करने की अनुमति होगी। इसके लिए क्रेडिट ट्रांसर्फर व्यवस्था लागू होगी। दरअसल, दोनों संस्थानों के बीच इसके लिए एक एमओयू हस्ताक्षर करने की सहमति हुई है। जल्द ही दोनों संस्थान इस एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे, जिसके बाद छात्रों के कोर्सेज को करने का रास्ता साफ होगा।
मालूम हो कि डीयू एक केंद्रीय विश्वविद्यालय है जबकि डीएसईयू एक राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय है। इस एमओयू पर हस्ताक्षर होने से दोनों संस्थानों के छात्रों को लाभ मिलेगा। डीएसईयू प्रशासन के अनुसार, डीयू कुलपति प्रो योगेश सिंह की डीएसईयू के साथ एक करार करने की सहमति हुई है। इससे दोनों शैक्षणिक संस्थान अपने कौशल आधारित सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों में एक दूसरे का सहयोग करेंगे।
कोर्स करने के लिए अन्य जरूरी औपचारिकताओं को जल्द ही अमली जामा पहनाया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि अगले वर्ष से इसकी शुरुआत हो सकती है। इससे दोनों संस्थान के छात्रों को काफी कुछ सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
डीएसईयू के कुलपति प्रोफेसर अशोक. के. नागावत ने आगामी समझौता ज्ञापन के माध्यम से सहयोग का आश्वासन देने के लिए डीयू के कुलपति की सराहना की है। डीएसईयू के अनुसार, यह सहयोग दोनों विश्वविद्यालयों में संकाय और छात्रों के लिए कौशल-आधारित प्रशिक्षण और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में ढेर सारे अवसरों को खोलेगा।