दिल्ली से लखनऊ तक आज दौड़ेगी डबल डेकर ट्रेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से लखनऊ तक डबल डेकर ट्रेन में सफर करने का रेल यात्रियों का सपना जल्द ही पूरा हो सकता है। रेलवे लखनऊ से आनंद विहार तक डबल डेकर ट्रेन का ट्रायल शुक्रवार को करेगा। ट्रायल सफल रहा तो नवंबर के दूसरे सप्ताह में लखनऊ-दिल्ली के बीच इस ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है।
लखनऊ से डबल डेकर ट्रेन शुक्रवार की सुबह 10 बजे आनंद विहार के लिए चलेगी। करीब 500 किलोमीटर का सफर यह ट्रेन करीब नौ घंटे में पूरा करेगी। करीब सात बजे यह आनंद विहार स्टेशन पर पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड आर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) डबल डेकर ट्रेन को सेफ्टी सर्टिफिकेट पहले ही दे चुका है। अब आरडीएसओ का यह फाइनल सेफ्टी ट्रायल होगा।
ट्रायल सफल रहा तो नवंबर से शुरू हो सकता है संचालन
अफसरों का कहना है कि रेलवे की इस महत्वाकांक्षी इस योजना का ट्रायल कैमरों में कैद होगा। चूंकि डबल डेकर ट्रेन के कोच साधारण ट्रेनों के कोच से ज्यादा ऊंचाई और चौड़े होंगे ऐसे में रेलवे अधिकारी ट्रेन के अंदर और बाहर दोनों ओर कैमरे लगाएंगे।
ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने के दौरान कोच और प्लेटफार्म की दूरी आदि को भी कैमरों में रिकार्ड किया जाएगा। स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने भी ट्रायल की तैयारी पूरी कर ली है।
डबल डेकर ट्रेन का ट्रायल करने के लिए सुबह 10 बजे ट्रेन को लखनऊ से आनंद विहार के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान सेफ्टी, इंजीनियरिंग समेत विभिन्न विभागों के एक्सपर्ट की टीम भी मौजूद रहेगी। ट्रायल सफल रहा तो नवंबर माह के दूसरे-तीसरे सप्ताह से इस रूट पर डबल डेकर ट्रेन का संचालन शुरू करने की प्लानिंग है। - अजय माइकल, पीआरओ, दिल्ली डिवीजन