दिल्ली मेट्रो के कर्मचारियों को अंग्रेजी बोलना सिखाएगी डीएमआरसी, ये है पूरा प्लान
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) इन दिनों कम्यूनिकेशन स्किल और अंग्रेजी सिखाने वाले एक शिक्षण संस्थान की तलाश कर रहा है।
डीएमआरसी यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करने के लिए अपने फ्रंट डेस्क कर्मियों को अंग्रेजी बोलने का प्रशिक्षण देगा। साथ ही वह किस तरह से यात्रियों से बात करे इसके बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मेट्रो के मुताबिक बेहतर कम्युनिकेशन स्किल मेट्रो कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा होता है। अंग्रेजी बोलने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के परिणाम को और बेहतर बनाने के लिए अब हम प्रोफेशनल शिक्षण संस्थान की मदद लेने जा रहे है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेशन कंट्रोलर, कस्टमर केयर कर्मी के अलावा स्टेशन पर तैनात होने वाले वह स्टॉफ या अधिकारी होंगे जो कि मेट्रो यात्रियों से संपर्क में होते है।
इसलिए लिया गया फैसला
डीएमआरसी के मुताबिक, हम इसके लिए ऐसे अनुभवी शिक्षण संस्थान की तलाश कर रहे है जिनके पास पहले से इस तरह के प्रशिक्षण का अनुभव हो। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मेट्रो के शास्त्री पार्क स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर ही दिए जाएंगे। मेट्रो का कहना है कि हम बेहतर सेवाएं दे इसके लिए उसमें सुधार भी करते रहते है।
इसके लिए यात्रियों से समय-समय पर फीडबैक भी लिया जाता है। उसी आधार पर हम अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तय करते है। यह ट्रेनिंग प्रोग्राम भी उसी का हिस्सा है। जिससे मेट्रो के यात्रियों को और बेहतर सेवाएं दी जा सके।