Weather Update: तीन से चार दिन दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घने कोहरे का अनुमान, शीत लहर का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौसमी दशाओं में बदलाव के बाद दिन में छाए बादलों से सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में ठिठुरन महसूस हुई। उम्मीद है कि मंगलवार को दिल्ली के तापमान में कुछ और गिरावट हो। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, नजफगढ़ इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान भी 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि मंगेशपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान गाजियाबाद में 15.7 डिग्री, गुरुग्राम में 16.3 डिग्री और फरीदाबाद में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। छह जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
वहीं विभाग ने छह से सात जनवरी तक शीत लहर चलने व सर्द दिन रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर पश्चिम भारत में यह शीत लहर होगी। विभाग ने दिल्ली में मंगलवार को बादल छाने और सुबह घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक दर्ज होगा।
बेहद खराब हुई दिल्ली की हवा
मौसमी दशाओं के साथ न देने के कारण दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। सोमवार को दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 357 दर्ज किया गया जो रविवार के मुकाबले करीब 100 अंक अधिक है। दिन में हवा काफी धीमी गति से चली, जबकि सुबह बादल छाए रहने के कारण प्रदूषण कणों में फैलाव नहीं हो पाया। हालांकि आने वाले दिनों में प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार की संभावना है, लेकिन स्थिति खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की माने तो सोमवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से चार किमी की गति से हवा चली और वेंटिलेशन इंडेक्स 1250 के करीब रहा, जो सामान्य से करीब पांच गुना कम रहा। इस कारण प्रदूषण स्तर बढ़कर 357 तक पहुंच गया। यह आंकड़ा एनसीआर के फरीदाबाद, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, व अन्य जगहों से अधिक रहा।