पकड़ा गया 'रॉकी भाई': फिल्म केजीएफ से प्रभावित हो चुना अपराध का रास्ता, उसी अंदाज में करता था वारदात, पुलिस को देख निकली हेकड़ी
सुल्तानपुरी पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की बाइक व पिस्टल भी बरामद की है।पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह दक्षिण भारत की फिल्म केजीएफ में रॉकी के चरित्र से प्रभावित था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली की सुल्तापुरी थाना पुलिस ने एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो दक्षिण भारतीय फिल्म केजीएफ के रॉकी के किरदार से प्रभावित होकर वारदात को अंजाम देने लगा। वह अपने पास पिस्टल रखता था, जिसके जरिए वह राहगीरों से लूटपाट कर सके। लेकिन तीन वारदातों को अंजाम देने के बाद ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस उसके कब्जे से एक पिस्टल और चोरी की बाइक बरामद की है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त समीर शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान सुल्तानपुरी निवासी भारत उर्फ काकू के रूप में हुई है। पिछले दिनों पुलिस उपायुक्त ने तमाम थाना पुलिस को निर्देश दिया है कि वह बदमाशों पर विशेष निगरानी रखे, खासकर हथियार लेकर चलने वाले बदमाशों की धर पकड़ करें। निर्देश पर सुल्तानपुरी थाना प्रभारी सुखबीर मलिक ने बदमाशों पर निगरानी रखने के लिए सड़कों पर निगरानी अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि निगरानी के दौरान शुक्रवार रात रोके जाने पर एक बदमाश ने अपनी बाइक लेकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर बदमाश को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल मिला। पुलिस को जांच में पता चला कि बदमाश ने बाइक को प्रेमनगर इलाके से चुराई है। सुल्तानपुरी निवासी भारत की पहचान करने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की।
पूछताछ में बदमाश ने बताया कि दक्षिण भारतीय फिल्म केजीएफ देखने के बाद वारदातों को अंजाम देने लगा। वह फिल्म अभिनेता रॉकी के चरित्र से काफी प्रभावित था। वह उसकी नकल करने की कोशिश कर रहा था ताकि राहगीरों से लूटपाट कर सके। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह अशिक्षित है और तीन आपराधिक मामलों को अंजाम दे चुका है। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर जांच में जुटी है।