डॉक्टर ने मुझे फोन कर केबिन में बुलाया और फिर कमरा बंद कर..., हिंदूराव अस्पताल की इंटर्न का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम के सबसे बड़े बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में बुधवार को सीनियर रेजीडेंट डॉ. गुरदीप को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। मरीजों की सेवा कर रही एक इंटर्न ने उन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
अस्पताल सूत्रों की मानें तो डॉ. गुरदीप मेडिसिन विभाग में तैनात है। इस घटना से सन्न अस्पताल प्रबंधन ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 25 वर्षीय युवती हिंदूराव अस्पताल में इंटर्न है।
बीते मंगलवार उसकी रात में ड्यूटी थी। डॉ. गुरदीप भी नाइट ड्यूटी पर था। पीड़िता का आरोप है कि काम की आड़ लेकर सीनियर डॉक्टर ने फोन कर कमरे में आकर मिलने को कहा। पीड़िता बगैर कुछ सोचे उनके कमरे में जा पहुंची।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा कि कमरे में पहुंचने के बाद डॉ. गुरदीप उससे गलत व्यवहार करने लगा। इससे वह चकित रह गई। कुछ देर बाद डॉक्टर ने कमरा बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच, डॉक्टर ने उसे कई बार धमकियां भी दीं। बाद में पीड़िता ने रात में ही नजदीकी थाने में जाकर पुलिस को घटना की शिकायत दी।
अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि जिस कमरे में डॉ. गुरदीप मौजूद था, उसके बाहर भी आसपास कैमरा लगा है। बुधवार को प्रबंधन ने इसकी रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है।
डॉक्टर हैरान, वारदात से डरीं युवतियां
अस्पताल में दुष्कर्म की वारदात की सूचना हर ओर फैल गई है। हर कोई इस पर विश्वास नहीं कर पा रहा है। रेजीडेंट और अन्य डॉक्टर भी हैरान हैं कि मरीजों के बीच कोई इस तरह की हरकत कैसे कर सकता है? अस्पताल में इंटर्न और इलाज करने वाली महिला डॉक्टर भी घटना से सहमी हुई हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को डॉक्टर अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के इंतजाम ज्यादा पुख्ता करने के लिए प्रबंधन से मुलाकात कर सकते हैं।
आरोपी डॉक्टर से पूछताछ जारी
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात शिकायत मिलने और डॉ. गुरदीप को गिरफ्तार करने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी और पीड़िता से अलग-अलग पूछताछ की। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अस्पताल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है।