सूरज के तेवर तल्ख : दिल्ली में तीन दिन पड़ेगी भीषण गर्मी और चलेगी लू, आज से दो दिन के लिए यलो अलर्ट
दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका सबसे गर्म दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसके अलावा नजफगढ़ में 44.7, जफरपुर में 44, नोएडा में 43.5 व गुरुग्राम में 44.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में लगातार पारा चढ़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने के साथ लू चलने की संभावना जताई है। पारा बढ़ने के साथ विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बीते 24 घंटे में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहने के कारण लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा।
राजधानी में दिनभर सूरज के तेवर तल्ख रहे। घरों से बाहर निकले लोग झुलसती गर्मी के कारण परेशान दिखे। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने शीतल पेय पदार्थों के साथ पानी का सेवन किया। वहीं, घरों में पंखे की हवा भी गर्मी के सितम के आगे नाकाम साबित हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 42.5 व न्यूनतन तापमान सामान्य से चार अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 32 से 69 फीसदी तक रहा।
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि आने वाले तीन दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। यदि जरूरी हो तभी बाहर निकलें और कोशिश करें कि अधिक समय तक धूप के संपर्क में न रहें।
दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका रहा सबसे गर्म
दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका सबसे गर्म दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इसके अलावा नजफगढ़ में 44.7, जफरपुर में 44, नोएडा में 43.5 व गुरुग्राम में 44.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। पारा अधिक होने के कारण दिल्ली के खुले इलाकों में लू भी रिकॉर्ड की गई है। इस वजह से लोग गर्मी से अधिक परेशान रहे। आने वाले तीन दिनों में इन इलाकों में गभीर स्तर की लू दर्ज की जा सकती है।
शुक्रवार से दो दिन के लिए यलो अलर्ट व एक दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई है। आगामी 15 मई के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है व कुछ जगहों पर गंभीर स्तर की लू चलने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे में अधिकतम पारा 44 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, अगले तीन दिनों में अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग का पूर्वानुमान है कि 16 मई से पारे में कमी होगी, जिससे राहत मिलने की संभावना है।
हीटवेव के लक्षण
-बुखार होना
-सिर दर्द होना
-जी मचलाना
-उल्टी
-दस्त
-अधिक थकान महसूस होना
-अचानक बेहोश होना
हीटवेव से बचाव के उपाय
-अधिक समय तक धूप में रहने से बचें
-बाहर निकलने पर अपने साथ पानी की बोतल रखें व थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें
-तव्चा को जलन से बचाने के लिए पूरी बाजू वाले कपड़े पहनें प सनबर्न क्रीम का भी इस्तेमाल कर सकते हैं
-यदि पूरा दिन बाहर रहते हैं तो अपने साथ ग्लूकोज और ओआरएस का पैकेट रखें
-तरल पदार्थ युक्त फलों का भी सेवन कर सकते हैं
अधिकतम तापमान -44 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 29 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 7:04 बजे
सूर्योदय का समय: 5:32 बजे
-तेज धूप निकलने के साथ लू चलने की संभावना है। दिनभर प्रचंड गर्मी का प्रकोप रहेगा। हवा की रफ्तार मध्यम रहेगी व नमी का स्तर सामान्य रहेगा।