देर से उठने पर पत्नी मारती थी ताना, पति ने गुस्सा में किया ऐसा काम देखकर दहल गया दिल
दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में पत्नी के तानों से नाराज एक शख्स ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त गाजियाबाद के मसूरी निवासी समीना के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी फजरुद्दीन उर्फ ननुआ को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फजरुद्दीन पेशे से इलेक्ट्रिशियन है।
पुलिस के मुताबिक समीना पिछले करीब एक सप्ताह से इलाज कराने के लिए पूरे परिवार के साथ गाजियाबाद से दिल्ली आई हुई थी। देर से सोकर उठने पर वह अपने पति को ताने देती थी जिससे नाराज होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि समीना अपने पति फजरुद्दीन उर्फ ननुआ और तीन बच्चों के साथ मसूरी में रहती थी। समीना को पथरी थी। उसका इलाज कराने के लिए एक सप्ताह पहले वह अपनी बहन के घर शनि बाजार, एल-2, संगम विहार आई थी। उसका तुगलकाबाद स्थित मजीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक फजरुद्दीन को रोजाना देर से सोकर उठने की आदत थी। इसको लेकर पति-पत्नी में नोंकझोंक होती थी। मंगलवार सुबह भी ऐसा ही हुआ। फजरुद्दीन देर से सोकर उठा तो समीना उसे ताना मारने लगी। इससे फजरुद्दीन आग बबूला हो गया।
उसने गुस्से में समीना का गाला घोंट दिया। समीना वहीं अचेत होकर गिर गई। घर में हंगामा हुआ तो फजरुद्दीन के साढ़ू ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत समीना को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घर से ही आरोपी फजरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।