दिल्ली हिंसा : ईडी ने ताहिर हुसैन के खिलाफ कड़कड़डूमा कोर्ट में दायर किया आरोपपत्र
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तर पूर्वी दिल्ली हिंसा से जुड़े मामले में ताहिर हुसैन के खिलाफ पीएमएलए 2002 की धारा 44 और 45 के तहत कड़कड़डूमा कोर्ट में आरोपपत्र दायर किया है। ईडी ने आरोपपत्र में अमित गुप्ता नाम के व्यक्ति को भी आरोपी बनाया है।
कड़कड़डूमा कोर्ट ने आरोपपत्र का संज्ञान लेते हुए ताहिर हुसैन के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी कर दिया है। ईडी ताहिर और उससे जुड़े अन्य लोगों पर लगे सीएए विरोधी प्रदर्शनों को बढ़ावा देने और दंगे भड़काने के लिए मुखौटा कंपनियों के जरिए 1.10 करोड़ रुपये के धन शोधन के आरोपों की जांच कर रही है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमिताभ रावत ने हुसैन और सह आरोपी अमित गुप्ता के खिलाफ धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) 2002 की धारा तीन, 70 और 4 के तहत दर्ज इस मामले पर संज्ञान लिया है।
न्यायाधीश ने हुसैन और अमित गुप्ता को 19 अक्टूबर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया इस अपराध में आरोपियों की संलिप्ता के बारे में पर्याप्त सामग्री मिली है। लिहाजा आरोपियों ताहिर हुसैन और अमित गुप्ता के खिलाफ धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) 2002 की धारा 3, 70 और 4 के तहत दर्ज इस मामले पर संज्ञान लिया है।
ईडी ने अपने आरोप पत्र में कहा कि है कि इस मामले की जांच चल रही है और बाद में एक पूरक आरोप पत्र दायर किया जा सकता है। अदालत ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय कानून के अनुसार आगे की जांच जारी रख सकता है। हुसैन इस मामले में न्यायिक हिरासत में है।
तुष्टीकरण की राजनीति के लिए 'आप' ने अपराधियों को संरक्षण दिया: भाजपा
उत्तर पूर्वी दिल्ली में सुनियोजित ढंग से सांप्रदायिक दंगा कराया गया। इसमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई। कई परिवार बर्बाद हो गए, करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई। आम आदमी पार्टी की तुष्टीकरण की राजनीति के तहत अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया गया। यह बातें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने गुरुवार को कहीं।
गुप्ता ने यह भी कहा कि भाजपा दिल्ली वासियों को न्याय दिलाने के लिए बराबर संघर्ष करती रही। दिल्ली दंगे का मास्टर माइंड पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन खान ही है। भाजपा के दबाव बनाने की वजह से उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति दिल्ली के मुख्यमंत्री को देनी पड़ी। दिल्ली सरकार शुरू से ही ताहिर हुसैन को बचाने की पुरजोर कोशिश कर रही थी।
गुप्ता ने कहा कि भाजपा के संघर्ष का परिणाम है कि टुकड़े- टुकड़े गैंग और उमर खालिद जैसे अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। दिल्ली सरकार इनके खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल करने का आदेश देने में आनाकानी कर रही थी। आम आदमी पार्टी ने हमेशा से अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि ताहिर हुसैन द्वारा करवाए गए दंगे ने अंकित शर्मा, दीपक कुमार और रतनलाल जैसे होनहार युवाओं को उनके परिवारों से हमेशा के लिए छीन लिया। भाजपा तुष्टीकरण की राजनीति को दिल्ली में नहीं चलने देगी और ताहिर हुसैन जैसे अपराधियों को सजा दिलवाने के लिए आंदोलन करती रहेगी।