{"_id":"6805969e00e173baa200410f","slug":"delhi-umar-furious-over-flight-diversion-said-delhi-airport-is-completely-ruined-2025-04-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"फ्लाइट डायवर्जन पर भड़के उमर : बोले-दिल्ली एयरपोर्ट पूरी तरह बर्बाद, आधी रात विमान के दरवाजे पर बैठे रहे सीएम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
फ्लाइट डायवर्जन पर भड़के उमर : बोले-दिल्ली एयरपोर्ट पूरी तरह बर्बाद, आधी रात विमान के दरवाजे पर बैठे रहे सीएम
Mon, 21 Apr 2025 06:21 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 21 Apr 2025 06:21 AM IST
सार
फ्लाइट में देरी और तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर गुस्से का इजहार करते हुए उन्होंने कहा, दिल्ली एयरपोर्ट पर पूरी तरह बर्बादी का नजारा है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की उड़ान को दिल्ली में उतरने से पहले मार्ग बदलकर जयपुर भेज दिया गया। उमर आधी रात को जयपुर में विमान के दरवाजे पर बैठे फ्लाइट के उड़ान भरने का इंतजार करते रहे। इस बीच फ्लाइट में देरी होने और तमाम अव्यवस्थाओं को लेकर गुस्से का इजहार करते हुए उन्होंने कहा, दिल्ली एयरपोर्ट पर पूरी तरह बर्बादी का नजारा है। दूसरी तरफ, दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लि. (डीआईएएल) ने उन्हें हुई असुविधा पर खेद जताया और कहा कि रनवे के रखरखाव संबंधी कार्यों और पूर्वी हवाओं के कारण समस्या हुई है।
विज्ञापन
अब्दुल्ला ने रात 1:08 बजे सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, दिल्ली हवाईअड्डे पर पूरी तरह बर्बादी का नजारा है (मुझे क्षमा करें, लेकिन मैं विनम्र होने के मूड में नहीं हूं)। जम्मू से रवाना होने के तीन घंटे बाद हमें जयपुर की ओर ले जाया गया। इसलिए मैं रात के एक बजे भी यहां हूं। मुझे नहीं पता कि हम यहां से किस समय रवाना होंगे।
विज्ञापन
उन्होंने जयपुर हवाईअड्डे से इंडिगो विमान की सीढ़ियों पर खड़े होकर ली गई एक सेल्फी भी साझा की और ताजी हवा लेने का जिक्र किया। इसके बाद देर रात 03:40 बजे दूसरी पोस्ट में अब्दुल्ला ने कहा कि अगर किसी को आश्चर्य हो रहा है, तो मैं बता दूं कि मैं देर रात तीन बजे के बाद दिल्ली पहुंचा। इससे पूर्व शनिवार को जम्मू हवाईअड्डे पर भी अफरातफरी का माहौल रहा, जहां सैकड़ों यात्रियों ने उड़ानों में देरी और रद्दीकरण के कारण असुविधा की शिकायत की। श्रीनगर में खराब मौसम के कारण उड़ान परिचालन बाधित हुआ, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं। एजेंसी
विज्ञापन
यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाना पड़ता है कदम : डीआईएएल
सीएम अब्द़ुल्ला की पोस्ट का जवाब देते हुए, डीआईएएल ने कहा कि उसने दिल्ली में हवा के बदलते रुख के बारे में कई परामर्श जारी किए हैं। आठ अप्रैल से रनवे 10/28 को रखरखाव के लिए बंद करने की सूचना भी दी गई है। हवाईपट्टी के रखरखाव के कारण क्षमता संबंधी अस्थायी बाधाएं पैदा हुईं। इन परिस्थितियों के कारण कई बार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उड़ान का रुख बदलना पड़ता है।
इंडिगो ने कहा-भीड़भाड़ के कारण जयपुर भेजी गई उड़ान...इंडिगो के एक सूत्र ने कहा कि दिल्ली हवाईअड्डे पर भीड़भाड़ के कारण उड़ान को जयपुर ले जाया गया था। हाल के दिनों में रखरखाव कार्यों और पूर्वी हवाओं के मद्देनजर एक रनवे के बंद होने के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर उड़ानों में देरी हुई है।