राजधानी में सीरो सर्वे का दूसरा चरण हुआ समाप्त,17 अगस्त तक आ जाएंगे नतीजे
-लोगों में एंटीबॉडी का स्तर पता लगाने के लिए किया गया है सर्वे, देखा जाएगा कि क्या दिल्ली हर्ड इम्युनिटी की तरफ बढ़ रही है
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में कोरोना संक्रमण के फैलाव का पता लगाने के लिए सीरो-सर्वे का दूसरा समाप्त हो गया। सर्वे का यह चरण अगस्त से 7 अगस्त तक चला। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि इस समय कितने फीसदी लोगों में संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बन चुकी हैं। इससे कोरोना की स्थिति का विस्तारपूर्वक विश्लेषण किया जा सकेगा। साथ ही यह भी पता चल सकेगा कि दिल्ली हर्ड इम्युनिटी की तरफ कितना बढ़ गई है?
सर्वे में राजधानी के सभी 11 जिलों से करीब 15 हजार लोगों के नमूने लिए गए हैं। इसमें उन लोगों को शामिल नहीं किया गया हैं, जिनके बल्ड सैंपल पहले चरण में लिए गए थे। सर्वे में उन्हीं नियमों का का पालन किया गया है, जो नैशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) की तरफ से किए गए सर्वे में किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक,1 से 7 अगस्त तक चले सर्वे में 15,000 नमूनों को इकट्ठा किया गया है। इसके परिणाम 17 अगस्त तक आने की उम्मीद है। सीरोलॉजी टेस्ट में उन लोगों को ही शामिल किया गया है। जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं। इसमें अलग-अलग उम्र व इलाके के लोगों के खून के नमूने लिए गए हैं। संबंधित जिला प्रशासन ने इन लोगों के नाम-पते की पूरी जानकारी रखी है। इसकी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई है।
अपोलो अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण कुमार बताते हैं कि राजधानी में संक्रमण के नए मामले लगातार कम हो रहे हैं। इससे उम्मीद जताई जा सकती है कि दूसरे चरण के सर्वे के परिणामों में करीब 50 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी मौजूद होंगे। हालांकि, सही आंकड़े नतीजे आने के बाद ही सामने आएंगे। उसके बाद ही पता चल सकेगा कि दिल्ली हर्ड इम्युनिटी की तरफ कितना बढ़ रही है।
हर्ड इम्युनिटी से रूकेगा कोरोना का प्रसार
जब 70 से 90 फीसदी लोगों में बीमारी के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है, यानी लोगों के शरीर बीमारी के खिलाफ एंटीबॉडी बना लेता है। इस स्थिति को हर्ड इम्यूनिटी कहा जाता है। इससे अन्य लोगों में बीमारी का प्रसार नहीं होता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कोरोना वायरस से लोगों के बीच हर्ड इम्यूनिटी तभी बन पाएगी जब 70 फीसदी से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हों, हालांकि इस आंकड़े को लेकर अभी विशेषज्ञों में एक राय नहीं है।
लोगों के शरीर में एंटीबॉडी बन जाने से संक्रमण का खतरा रहता कम
सफदरजंग अस्पताल के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर जुगल किशोर बताते हैं कि इंसानों के किसी समूह के अधिकतर लोग अगर संक्रमण से इम्यून हो जाएं, उनके शरीर में एंटीबॉडी हो, तो अन्य लोगों तक वायरस का पहुंचना बहुत मुश्किल होता है। अगर दिल्ली की 50 से 70 प्रतिशत आबादी कोरोना वायरस से संक्रमित होकर ठीक हो जाए तो बाक़ी की 30 से 50 प्रतिशत आबादी को खतरा कम होगा। हालांकि इससे संक्रमण खत्म नहीं होगा, लेकिन उसका प्रसार काफी कम हो जाएगा।
दूसरी तरफ लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में कम्युनिटी मेडिसिन के डॉक्टर शिवजी देव बर्मन के मुताबिक, इम्यूनिटी का मतलब यह है कि व्यक्ति को संक्रमण हुआ और उसके बाद उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता ने वायरस का मुक़ाबला करने में एंटीबॉडी तैयार कर ली। जैसे-जैसे ज्यादा लोग इम्यून होते जाते हैं, वैसे-वैसे संक्रमण फैलने का खतरा कम होता जाता है।
27 जून से 10 जुलाई के बीच हुआ था पहला सर्वे
राजधानी में 27 जून से 10 जुलाई के बीच सीरो सर्वे का पहला चरण हुआ था,जिसमें करीब 24 प्रतिशत लोग कोविड-19 से प्रभावित मिले थे। एक चौथाई लोगों में एंटीबॉडी विकसित होने की बात सामने आई थी। इसका मतलब था कि वे संक्रमित हुए और ठीक हो गए। जिन लोगों के नमूने लिए गए थे, उनमें से अधिकतर लोगों को नहीं पता था कि वे संक्रमित थे। इसके बाद दिल्ली सरकार ने फैसला किया था कि लोगों में एंटीब़ॉडी का स्तर पता लगाने के लिए अब हर महीने सीरो सर्वे होगा। इससे पता चल सकेगा कि अब कितने फीसदी लोगों में संक्रमण के खिलाफ एंटीबॉडी बन रही है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि दिल्ली हर्ड इम्युनिटी की तरफ कितना बढ़ रही है।