प्रेमिका-प्रेमी को थी बुरी लत: इच्छाओं को पूरा करने के लिए चुना गलत रास्ता, पुलिस के हत्थे चढ़ने पर उगला राज
पुलिस ने नंगली इलाके से बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तम नगर निवासी साहिल (23) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कई वारदात कबूली हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपनी और प्रेमिका की नशे की लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करने वाले एक बदमाश को दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक चोरी के वाहनों के कलपूर्जे को कबाड़ी को बेचकर लत को पूरा करता था। पकड़े गए बदमाश पर पहले से दस मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाश की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के दो मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षक कमलेश कुमार के नेतृत्व में वाहन चोरी निरोधक शाखा वाहनों की चोरी के मामलों की जांच कर रही थी। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच के दौरान पुलिस को एक बदमाश वाहनों की चोरी करता हुआ दिखा। अपने मुखबिरों के जरिए पुलिस बदमाश की पहचान में जुट गई।
25 मई को पुलिस को बदमाश के नजफगढ़ इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस ने नंगली इलाके से बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान उत्तम नगर निवासी साहिल (23) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके निशानदेही पर चोरी की गई एक बाइक और स्कूटी बरामद कर ली। पूछताछ में साहिल ने बताया कि वह और उसकी प्रेमिका नशे के आदी हैं।
अपनी लत को पूरा करने के लिए वह वाहनों की चोरी करने लगा। वह चोरी किए गए वाहनों के पुर्जे कबाड़ी को बेच देता था। जांच में पुलिस को पता चला कि साहिल पर पहले से वाहन चोरी और चोरी के दस मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाश की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के दो मामले सुलझाने का दावा किया है। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर वारदात में प्रेमिका की संलिप्तता के बारे में पूछताछ कर रही है।