फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi rohini court firing gangster jitendra gogi murder attackers were in lawyer dress

दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गैंगवार: ताबड़तोड़ फायरिंग में गैंगस्टर जितेंद्र गोगी ढेर, 15 मिनट तक कोर्ट रूम में चलीं गोलियां

Fri, 24 Sep 2021 05:25 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: पूजा त्रिपाठी Updated Fri, 24 Sep 2021 05:25 PM IST
सार

काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने उसे गुरुग्राम से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।

Delhi rohini court firing gangster jitendra gogi murder attackers were in lawyer dress
गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में हुई हत्या - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली के रोहिणी जिले के रोहिणी कोर्ट में एक बार फिर गैंगवार की वारदात को अंजाम दिया गया। शुक्रवार दोपहर कुख्यात बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी को कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। इस पेशी के दौरान वकील की ड्रेस पहने हुए दो लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में स्पेशल सेल की तरफ से भी गोलियां चलाई गईं, जिसमें दोनों हमलावरों की मौत हो गई। इस तरह वारदात में गैंगस्टर गोगी समेत कुल तीन लोगों की मौत हो गई।



मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) एनवी रमना ने रोहिणी कोर्ट कॉम्प्लेक्स में हुई गोलीबारी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। सीजेआई ने इस संबंध में दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल से बात की। उन्होंने पुलिस और बार एसोसिएशन दोनों से बात करने की सलाह दी है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अदालत का कामकाज प्रभावित न हो।

 
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जितेंद्र को वर्ष 2020 में गिरफ्तार किया था। काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने उसे गुरुग्राम से तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था।
विज्ञापन




हत्या और पुलिस पर हमले जैसे वारदातों का था आरोपी
वह हत्या, अपहरण, पुलिस पर हमला आदि वारदातों में शामिल रहा था। गिरफ्तारी के बाद से उसे जेल में रखा गया था। शुक्रवार को तीसरी बटालियन की पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीम उसे रोहिणी अदालत में पेश करने के लिए लाई थी। इसी दौरान वहां पर वकील की ड्रेस पहने हुए दो शख्स आए और उन्होंने गोगी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

उसे बचाने के लिए काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने भी हमलावरों पर गोली चलाई जिसमें दोनों हमलावरों की मौत हो गई। रोहिणी कोर्ट में इन दोनों हमलावरों ने वकील की ड्रेस पहन कर प्रवेश किया था ताकि उन्हें कोई ना रोके। इस घटना में मारे गए दोनों बदमाशों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है।

टिल्लू गैंग से एक दशक पुरानी है दुश्मनी
घटना में घायल हुए जितेंद्र उर्फ गोगी की मौके पर ही मौत हो गई। दिल्ली पुलिस का कहना है इस पूरी घटना में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। पूरे मामले को लेकर छानबीन चल रही है। उल्लेखनीय है कि मारे गए जितेंद्र गोगी और अलीपुर के ताजपुरिया निवासी सुनील उर्फ टिल्लू के बीच करीब एक दशक से गैंगवार चल रही है।

इस गैंगवार में अब तक 20 से ज्यादा हत्याओं को अंजाम दिया जा चुका है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि इस हत्या के पीछे सुनील उर्फ टिल्लू शामिल हो सकता है। हालांकि इसकी जानकारी जुटाने के लिए अभी पुलिस टीम छानबीन में जुटी हुई है।


दिल्ली बार काउंसिल ने की वारदात की निंदा
इस वारदात के बाद दिल्ली बार काउंसिल के अध्यक्ष राकेश सहरावत ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा रोहिणी कोर्ट में शूटआउट की यह घटना सुरक्षा में बड़ी चूक है। ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं और अदालत की सुरक्षा खतरे में है। इस मुद्दे को पुलिस कमिश्नर के सामने उठाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। राकेश सहरावत ने आगे कहा, बार-बार ऐसी घटना सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही से होती है।  

ऑल ड्रिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन ऑफ दिल्ली की कॉर्डिनेशन कमेटी की बुलाई मीटिंग को देखते हुए रोहिणी कोर्ट की कार्यवाही एक दिन के लिए स्थगित कर की गई है। सभी सदस्यों को 25 सितंबर को कार्य से बचने के लिए कहा गया है।

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed