Delhi Pollution: पर्यावरण मंत्री गोपाल राय बोले- अति गंभीर श्रेणी में पहुंची हवा तो ऑड-ईवन पर किया जाएगा विचार
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि सरकार प्रदूषण स्तर पर कड़ी निगरानी रख रही है। प्रदूषण की स्थिति बिगड़ती है तो ऑड-ईवन नियम लागू और कृत्रिम बारिश पर विचार किया जाएगा।
विस्तार
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि सरकार प्रदूषण स्तर पर कड़ी निगरानी रख रही है। प्रदूषण की स्थिति बिगड़ती है तो ऑड-ईवन नियम लागू और कृत्रिम बारिश पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय अगले दो से तीन दिन की मौसम की स्थिति के आधार पर किया जाएगा। राय ने बताया कि छठ पूजा के लिए जगह-जगह तैयारियां की जा रही हैं। एक हजार से अधिक जगहों पर आयोजन को लेकर टीमों ने काम शुरू कर दिया है। इसमें यमुना नदी की सफाई भी महत्वपूर्ण है। धुंध की मोटी परत छाई हुई है। बुधवार सुबह हवा की गुणवत्ता कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह सात बजे आरके पुरम में वायु गुणवत्ता 420, न्यू मोती बाग में 408 दर्ज किया गया था। वहीं, आईजीआई हवाईअड्डा क्षेत्र में 404 और नेहरू नगर में 433 दर्ज किया। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल दिवाली के 12 घंटों में 11 राज्यों की राजधानियों में से नौ में अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) ट्रैकर ने पीएम का विश्लेषण किया है। इसमें 11 राजधानी शहरों में 2.5 में सबसे अधिक उछाल (15 मिनट के अंतराल पर दर्ज) देखा गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 13 नवंबर को रात डेढ़ बजे पूसा में 999.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था।