काम की खबर: ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात, इस योजना पर चल राह काम; दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को भेजी फाइल
अब वाहनों की संख्या को देखकर सिग्नल लाइट रंग बदलेगी। जिस तरफ वाहन ज्यादा होंगे। उस तरफ लाइट ज्यादा ग्रीन रहेगी। दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को फाइल भेजी है और त्रिवेंद्रम की कंपनी डीपीआर तैयार कर रही है।
विस्तार
दिल्ली यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यातायात पुलिस दिल्ली में काफी इंटेलीजेंस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम(आईटीएमएस) लाने की तैयारी कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि शुरूआत में यातायात पुलिस एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ला रही है। इस पर त्रिवेंद्रम की सरकारी कंपनी सी-डेक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट(डीपीआर) तैयार कर रही है। दिल्ली पुलिस ने इस सिस्टम को हरी झंडी देने के लिए कुछ दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्रालय को फाइल भेजी है।
यातायात पुलिसकर्मी तैनात करने की जरूरत नहीं होगी
एक यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस सिस्टम के लागू होने के बाद दिल्ली की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार आ जाएगा। वाहन चालकों को लाइट पर ज्यादा देर तक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही लाइट सिग्नल के ऑटोमेटिक मोड में जाने से यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसे में लाइट सिग्नल पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिल्ली में दूसरी जगहों पर तैनात किया जाएगा। इससे दिल्ली के अंदर के यातायात में भी सुधार आएगा।
दिल्ली यातायात पुलिस की पुरानी योजना है
आईटीएमएस दिल्ली यातायात पुलिस की बहुत ही पुरानी योजना है। अब इस सिस्टम को लागू करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। शुरूआत में जिन कॉरिडोर पर एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू किया जाना है उनकी पहचान कर ली गई है।
नियम तोड़ने पर होंगे चालान
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सिस्टम जहां लाइट सिग्नल को ऑटोमेटिक मोड पर चलाएगा वहीं इससे सभी तरह के चालान भी होंगे। लाल बत्ती का उल्लंघन, तेज रफ्तार गाड़ी चलाने, लेन का उल्लंघन आदि सभी तरह के चालान हो सकेंगे।