Operation Garuda: इंटरपोल की इस पहल से घबराए दुनियाभर के ड्रग मफिया, भारत में आठ देशों से आ रहा 'सफेद जहर'
दिल्ली पुलिस ने राजधानी में बढ़ रही ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए सीबीआई के संग विश्वभर के देशों के साथ मिलकर रविवार को ऑपरेशन गरुड़ चलाया। यह ऑपरेशन इंटरपोल की पहल पर विश्व के सभी देशों में ड्रग्स तस्करी को लेकर चला। जिसमें खुलासा हुआ कि भारत में ज्यादातर ड्रग्स अफगानिस्तान, पाकिस्तान, दुबई आदि देशों से आ रही है।
विस्तार
भारत में आठ से ज्यादा देशों से ड्रग्स आ रही है। ज्यादातर ड्रग्स अफगानिस्तान, पाकिस्तान, दुबई, म्यांमार व बांग्लादेश आदि देशों से आ रही है। ये खुलासा ऑपरेशन गरुड़ से हुआ है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में बढ़ रही ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए सीबीआई के संग विश्वभर के देशों के साथ मिलकर रविवार को ऑपरेशन गरुड़ चलाया। इंटरपोल की पहल पर विश्व के सभी देशों में ड्रग्स तस्करी को लेकर ये अभियान चलाया गया है। इसमें सभी देशों ने एक-दूसरे को सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। भारत को भी कई देशों से अहम जानकारियां मिली हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि ड्रग्स के खिलाफ पूरे विश्व में एक साथ अभियान चलाया गया है।
एक दिन पहले सीबीआई के ऑपरेशन मेघ चक्र से घबराए अपराधी
इससे एक दिन पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बाल यौन शोषण सामग्री के प्रसार के खिलाफ दिल्ली समेत पूरे देश में ऑपरेशन मेघ चक्र चलाया था। ये अभियान भी विश्व के देशों के साथ चलाया गया था। दिल्ली में ऑपरेशन गरुड़ को चलाने के लिए दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) रविंद्र यादव को नोडल अफसर बनाया गया था।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया कि सीबीआई के साथ मिलकर रविवार को दिल्ली में ऑपरेशन गरुड़ चलाया गया। इसके तहत पूरी दिल्ली पुलिस को ड्रग्स व ड्रग्स तस्करों को पकड़ने को लिए आदेश दिए गए थे। सभी जिला पुलिस से सोमवार शाम तक रिपोर्ट मांगी गई थी कि कितनी ड्रग्स व मादक पदार्थों के तस्कर पकड़े गए।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन गरुड़ चलाने के लिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी किए गए थे। इसके तहत सभी जिला पुलिस, आईजीआई पुलिस, रेलवे पुलिस, स्पेशल सेल व अपराध शाखा को आदेश दिए गए थे कि सभी मादक पदार्थ तस्करों को चेक किया जाए। जो मादक पदार्थ तस्कर फरार हैं या फिर भगोड़ा घोषित हैं उनको गिरफ्तार किया जाए।
साथ ही बताया कि जो तस्कर हाल ही में जेल से बाहर आए हैं और सक्रिय हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाए। मोबाइल सर्विलांस से उनकी लोकेशन चेक की जाए। जो तस्कर पैरोल या जमानत पर हैं उनके बारे में पता किया जाए कि वह क्या कर रहे हैं। अगर किसी मादक पदार्थ तस्कर ने किसी का नाम लिया है कि उसने फलां व्यक्ति से ड्रग्स ली थी तो उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए। सभी मादक पदार्थ तस्करों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इस अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों को सोमवार शाम तक ऑपरेशन गरुड़ के बारे में पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट देनी थी।