दिल्ली: शरजील इमाम को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
शाहीन बाग में प्रदर्शन के कथित समन्वयक और देशद्रोह के आरोपी जेएनयू के शोधार्थी शरजील इमाम को बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाना था। देश को तोड़ने की साजिश के आरोपी को सख्त सजा की मांग लेकर वकीलों के प्रदर्शन की आशंका और तनावपूर्ण माहौल के कारण बाद में उसे कड़ी सुरक्षा के बीच साकेत कोर्ट के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के निवास पर पेश किया गया।
पुलिस ने शरजील को पांच दिन के रिमांड पर लिया है। इसके बाद पुलिस उसे जांच के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गई। वहीं, पूछताछ के दौरान शाहीन बाग में प्रदर्शन और देशभर में राष्ट्रविरोधी तत्वों से उसके तार जुड़ने के राज खुलने की संभावना है।
पटियाला हाउस कोर्ट में वकीलों ने शरजील को गद्दार बताते हुए नारे लगाए थे। पोस्टर लगाकर उसे सख्त सजा देने की मांग की गई थी। भारी विरोध और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल और सीआरपीएफ की तैनाती की गई थी।
शरजील के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली असम और अन्य राज्यों में भी देशद्रोह सहित संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। बिहार के जहानाबाद से मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस बुधवार को उसे पटना से दिल्ली लाई है।
इधर, देश के कई हिस्सों में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी शरजील इमाम की गिरफ्तारी पर कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। कन्हैया कुमार ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के विवादित भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि अगर शरजील पर मुकदमा तो अनुराग ठाकुर पर ऐसा बयान देने के लिए देशद्रोह का मुकदमा क्यों नहीं दर्ज हुआ।
साथ ही कन्हैया ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) आग में तेल डालने का काम कर रहा है। महाराष्ट्र के परभणी के पाथरी में मंगलवार को सीएए और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ रैली को संबोधित करने के दौरान कन्हैया ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह ने गुजरात चुनावों के दौरान हिंदू और मुस्लिमों के बीच टकराव पैदा करने की कोशिश की थी। अब वही हथकंडा वे देश में आजमा रहे हैं।