कार के तीन 'दुश्मन' अरेस्ट: मेरठ से ऑन डिमांड कार चोरी करने आते दिल्ली, बेचने के लिए ऐसे तैयार करते थे पेपर
कार चोरी करने के बाद उसको दिल्ली में ही कहीं पार्क कर दिया जाता है। कार के रिसीवर के कहने पर बाद में उसको कार हवाले कर पैसे ले लिए जाते हैं।
विस्तार
मेरठ से दिल्ली आकर ऑन डिमांड लग्जरी कार चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को बाहरी-उत्तरी जिला के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड (एएटीएस) ने दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहल्ला सलातीन, किठोर, मेरठ, यूपी निवासी आशिम अली उर्फ हासिम (40), गांव कैली, मेरठ निवासी अफजाल (36) और मोहल्ला जलालुद्दीनपुरा, किठोर, मेरठ निवासी शाहरोज (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई कुल पांच लग्जरी गाड़ियों के अलावा भारी में वाहन चोरी करने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी आशिम अली के खिलाफ 23, अफजल के खिलाफ 17 और शाहरोज के खिलाफ दो मामले पहले से दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से फिलहाल वाहन चोरी के छह मामले सुलझे हैं।
बाहरी-उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि 22 फरवरी को उनकी टीम को सूचना मिली थी कि वाहन चोरी में शामिल गैंग सेक्टर-35, रोहिणी के पास आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर जाल बिछा दिया। इसके बाद कुछ दूर पीछा कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
इनके पास से बरामद क्रेटा कार शाहबाद डेयरी इलाके से चोरी मिली। कार पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी मिली। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह ऑन डिमांड दिल्ली-एनसीआर में कार चोरी करने के लिए आते हैं। इनके निशाने पर क्रेटा, ब्रेजा, किया समेत दूसरी लग्जरी गाड़ियां रहती हैं। दो से तीन बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया जाता है।
कार चोरी करने के बाद उसको दिल्ली में ही कहीं पार्क कर दिया जाता है। कार के रिसीवर के कहने पर बाद में उसको कार हवाले कर पैसे ले लिए जाते हैं। रिसीवर कार का मॉडल और रंग बताता है। रिसीवर दुर्घटना में खत्म हुई गाड़ियों के पेपर इंश्योरेंस कंपनियों से खरीदकर उसके बदले दिल्ली-एनसीआर से कार चोरी करवा लेते थे।
बाद में इन गाड़ियों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उनको अच्छे दामों में बेच दिया जाता है। आरोपियों ने बताया कि यह ज्यादातर चोरी की गाड़ियां पप्पू उर्फ बकरा नामक आरोपी को बेचते हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश कर रही है। पप्पू भी मेरठ का ही रहने वाला है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।